Loading...
'हैवान' ही नहीं, अक्षय कुमार की इन महंगी महा-फ्लॉप फिल्मों ने भी लगाया निर्माताओं को चूना
अक्षय कुमार की बड़े बजट की महा-फ्लॉप फिल्में

'हैवान' ही नहीं, अक्षय कुमार की इन महंगी महा-फ्लॉप फिल्मों ने भी लगाया निर्माताओं को चूना

Sep 17, 2026
12:16 pm

क्या है खबर?

लगभग 100 करोड़ के बजट में बनी अक्षय कुमार की हालिया रिलीज फिल्म 'हैवान' के फ्लॉप होते ही उनकी महंगी फिल्मों के असफलता की चर्चा दोबारा तेज हो गई है। करियर में कई सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर देने वाले अक्षय की कुछ बड़े बजट की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बिल्कुल नहीं चल सकीं। भारी-भरकम बजट और स्टारकास्ट के बावजूद ये फिल्में दर्शकों को आकर्षित करने में नाकाम रहीं, जिससे निर्माताओं को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा। एक नजर उन्हीं फिल्मों पर।

#1

'बड़े मियां छोटे मियां'

साल 2024 में आई इस एक्शन-थ्रिलर से निर्माताओं को भारी उम्मीदें थीं। अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनी और अक्षय व टाइगर श्रॉफ की जोड़ी से सजी ये फिल्म लगभग 350 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में तैयार की गई थी।

हालांकि, कमजोर पटकथा और ढीली कहानी के कारण दर्शकों ने इसे पूरी तरह नकार दिया। फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 60 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी मुश्किल से छू पाई, जिससे निर्माताओं को करोड़ों का नुकसान सहना पड़ा।

#2

'चांदनी चौक टू चाइना'

साल 2009 में आई इस कुंग-फू कॉमेडी को लेकर इंडस्ट्री में जबरदस्त शोर था। एक ओर इस पर वार्नर ब्रदर्स जैसे हॉलीवुड स्टूडियो का पैसा लगा था और साथ में अक्षय-दीपिका पादुकोण की नई जोड़ी भी थी, लेकिन दर्शकों को इसका बचकाना हास्य और खिंची हुई कहानी जरा भी पसंद नहीं आई।

80 करोड़ के बजट के सामने फिल्म भारत में सिमटकर सिर्फ 29 करोड़ पर ढेर हो गई और निर्माताओं का सारा दांव उलटा पड़ गया।

ADVERTISEMENT

#3 और #4

'बच्चन पांडे' और 'सम्राट पृथ्वीराज'

साल 2022 अक्षय कुमार के लिए बॉक्स ऑफिस के लिहाज से बिल्कुल अच्छा नहीं रहा। इस साल उनकी 2 बड़े बजट वाली फिल्में 'बच्चन पांडे' और 'सम्राट पृथ्वीराज' बुरी तरह फ्लॉप रहीं।

करीब 182 करोड़ रुपये के बजट वाली 'बच्चन पांडे' ने दुनियाभर में लगभग 73.17 करोड़ रुपये कमाए, वहीं करीब 200 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'सम्राट पृथ्वीराज' की दुनियाभर में कमाई करीब 90.32 करोड़ रुपये रही। दोनों फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फ्लॉप माना गया।

ADVERTISEMENT

#5 और #6

'राम सेतु' और 'सेल्फी'

अक्षय की 'राम सेतु' और 'सेल्फी' भी बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरीं। करीब 150 करोड़ रुपये की भारी लागत से बनी 'राम सेतु' दुनियाभर में केवल 92.94 करोड़ रुपये ही जुटा सकी।

दूसरी ओर लगभग 150 करोड़ रुपये के बजट वाली 'सेल्फी' का हाल तो और भी बुरा रहा। ये दुनियाभर में सिमटकर सिर्फ 23.63 करोड़ रुपये ही कमा पाई। भारी-भरकम बजट के बावजूद दोनों फिल्में दर्शकों को तरस गईं और निर्माताओं का करोड़ों का नुकसान करा बैठीं।

#7 और #8

'बेल बॉटम' और 'सरफिरा'

अक्षय की 'बेल बॉटम' और 'सरफिरा' भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई के लिए तरस गईं। 130 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई 'बेल बॉटम' दुनियाभर में महज 50.58 करोड़ ही जुटा पाई, हालांकि इसकी रिलीज के दौरान कोरोना प्रतिबंधों का भी असर पड़ा था।

उधर करीब 100 करोड़ की लागत से बनी 'सरफिरा' का प्रदर्शन और निराशाजनक रहा। ये दुनियाभर में सिर्फ 30.02 करोड़ रुपये ही कमा सकी। भारी बजट के मुकाबले दोनों फिल्मों की कमाई बेहद कम रही।

ADVERTISEMENT