गोल्डन ग्लोब 2027 की दौड़ में 'रामायण', 'द ओडिसी' समेत इन फिल्मों से करेगी मुकाबला
क्या है खबर?
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण: भाग 1' 84वें गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स की दौड़ में शामिल हो गई है। वैरायटी के मुताबिक, रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत फिल्म को सोनी पिक्चर्स रिलीजिंग के तहत 2 बड़ी कैटेगरी में शामिल किया गया है। यह कैटेगिरी बेस्ट मोशन पिक्चर-ड्रामा और बेस्ट मोशन पिक्चर-नॉन-इंग्लिश लैंग्वेज हैं। 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई पौराणिक गाथा के लिए यह मौका अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड्स के सफर में एक बड़ा मील का पत्थर है।
प्रतियोगिता
इन फिल्मों के साथ मुकाबला करेगी 'रामायण'
बेस्ट मोशन पिक्चर-ड्रामा कैटेगरी में, 'रामायण' उन 88 फिल्मों में से एक है जो पहचान के लिए मुकाबला कर रही हैं।
इसका सामना क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी', डेनिस विलेन्यूवे की 'ड्यून 3', स्टीवन स्पीलबर्ग की 'डिस्क्लोजर डे', केन पार्सन्स की 'बैकरूम्स', फ्लोरियन जेलर की 'बंकर' और ताकाशी यामाजाकी की 'गॉडजिला माइनस जीरो' जैसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय फिल्माें के साथ होगा।
वहीं, बेस्ट मोशन पिक्चर-नॉन-इंग्लिश लैंग्वेज कैटेगरी में 'रामायण' का मुकाबला 'अंघ', 'एवरीटाइम' और 'होप' समेत 42 फिल्मों के साथ होगा।
झटका
इन कैटेगरी में जगह बनाने से चूकी 'रामायण'
दिग्गज संगीतकार एआर रहमान और हंस जिमर के संगीत के बावजूद, 'रामायण' बेस्ट ओरिजिनल स्कोर और बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग की कैटेगरी में जगह नहीं बना सकी।
बेस्ट ओरिजिनल स्कोर के लिए जमा किए गए 100 ट्रैक और बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग के लिए चुने गए 51 गानों की सूची में इसका नाम शामिल नहीं है जो बेहद चौंकाने वाली की बात है।
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है और इसमें रवि दुबे, अरुण गोविल व लारा दत्ता भी हैं।