रणबीर कपूर की 'रामायण' में AI का इस्तेमाल, निर्देशक नितेश तिवारी ने खोला ये राज
क्या है खबर?
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म 'रामायण' को लेकर AI के इस्तेमाल पर चर्चा हो रही है। खबरें थीं कि फिल्म की अलग-अलग भाषाओं में डबिंग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया गया है। अब निर्देशक नितेश तिवारी ने लॉस एंजिल्स में फिल्म के वर्ल्ड प्रीमियर के दौरान इस पर सफाई दी है। उन्होंने बताया कि फिल्म में AI का इस्तेमाल कहां और किसलिए किया गया है।
स्पष्टीकरण
AI से नहीं हुई डबिंग
नितेश ने 'रामायण' में AI के इस्तेमाल से जुड़ी अफवाहों पर स्पष्ट किया कि फिल्म की डबिंग AI से नहीं हुई है, बल्कि सभी आवाजें असली कलाकारों ने ही दी हैं।
उनके मुताबिक, AI का उपयोग केवल लिप-सिंक को दुरुस्त करने के लिए किया गया है, ताकि अन्य भाषाओं के दर्शक जब फिल्म देखें, तो किरदारों के होंठों की हरकत संवादों से पूरी तरह मेल खाए। इससे दर्शकों को अपनी भाषा में एक प्राकृतिक और शानदार सिनेमाई अनुभव मिलेगा।
इस्तेमाल
सिर्फ लिप-सिंक के लिए हुआ AI तकनीक का इस्तेमाल
फिल्म में AI के इस्तेमाल को लेकर यह सफाई ऐसे समय आई है, जब इसके अभिनय, डबिंग और विजुअल इफेक्ट्स में AI के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। निर्देशक ने अपने बयान से डबिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा, "AI का इस्तेमाल केवल लिप-सिंक के लिए किया जा रहा है, ताकि हम दुनिया भर के दर्शकों को उनकी अपनी भाषा में यह फिल्म पेश कर सकें।"
एडवांस बुकिंग
'रामायण' का विदेश में जलवा
रणबीर, साई पल्लवी और यश अभिनीत 'रामायण' 2 भागों में रिलीज होगी। ये 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
'रामायण' की विदेशों में एडवांस बुकिंग को लेकर भी जानकारी सामने आई है। शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, 28 अक्टूबर तक 5 देशों में फिल्म की एडवांस बुकिंग से कुल 21.5 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई।
इनमें उत्तरी अमेरिका सबसे आगे रहा, जहां एडवांस बुकिंग से करीब 16 करोड़ रुपये की कमाई हुई।