मशहूर लोक गायिका पर 20 लाख रुपये की नौकरी का धोखाधड़ी केस हुआ दर्ज, वीडियो सबूत से बढ़ी मुश्किलें
मराठी लोक गायिका निशा भगत और उनके सहयोगी अनिल अहीरे मुश्किल में फंस गए हैं।
दरअसल उन पर 27 साल की सायली चव्हाण को सरकारी नौकरी दिलाने के बहाने 20 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। सायली ने बताया कि वह भगत के परिवार को गाने-बजाने के कार्यक्रमों के जरिए जानती थीं।
उनके मुताबिक, दोनों ने उल्हासनगर सेंट्रल हॉस्पिटल में नौकरी दिलाने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने अपना वादा कभी पूरा नहीं किया।
सायली ने दिए सबूत, पुलिस जांच जारी
सायली ने अपने दावों के समर्थन में पेमेंट प्रूफ और एक वीडियो पेश किया है। इस वीडियो में निशा भगत कथित तौर पर अस्पताल में खाली पदों के लिए पैसे लेने की बात करती दिख रही हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वास भंग का मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जांच अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या इस मामले में अस्पताल के कर्मचारी भी शामिल थे। वहीं, सायली ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।