'बबीता सिंह' बनने के लिए निमिषा सजयन ने किया बड़ा बदलाव, 58 से सीधा पहुंचीं 72 किलो
अभिनेत्री निमिषा सजयन ने अपनी नई फिल्म 'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' के लिए अपने जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन की जानकारी प्रशंसकों के साथ साझा की है। उन्होंने बताया कि असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर बबीता सिंह के किरदार में ढलने के लिए उन्होंने करीब 14 किलो वजन बढ़ाया है।
फिल्म में बबीता एक डेस्क अफसर की भूमिका में हैं, जिनका व्यक्तित्व एक मर्डर मिस्ट्री की जांच के दौरान पूरी तरह बदल जाता है। निमिषा ने इंस्टाग्राम पर अपना वजन 58 किलो से 72 किलो तक बढ़ाने की इस यात्रा का जिक्र किया और अपने नए लुक की एक झलक भी साझा की।
14 किलो वजन बढ़ाना नहीं था आसान
निमिषा सजयन ने अपने इस बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन के सफर को शारीरिक और मानसिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण बताया। उन्होंने खुलासा किया कि वजन बढ़ाने के दौरान उन्हें लगातार थकान और मूड स्विंग्स जैसी दिक्कतों से जूझना पड़ा।
निमिषा ने अपनी इस कठिन यात्रा का पूरा श्रेय अपने ट्रेनर को दिया, जो हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाते रहे। इन तमाम संघर्षों के बावजूद निमिषा का मानना है कि इस अनुभव ने उन्हें धैर्य रखने और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने की नई ताकत दी है।
'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' के बारे में
एम्बीका पंडित के निर्देशन में बनी इस फिल्म में निमिषा के साथ वरुण सोबती और राजेश कुमार जैसे कलाकार भी हैं। फिल्म की कहानी एक हत्या की जांच के दौरान बबीता के व्यक्तिगत विकास और उनके अंदर आने वाले बदलाव पर आधारित है।