'किल' के डायरेक्टर निखिल भाट ने पकड़ी हॉलीवुड की उड़ान, जेमी फॉक्स संग बनाएंगे 'डेडलोक्ड'
बॉलीवुड एक्शन फिल्म 'किल' से अपनी पहचान बनाने वाले निखिल नागेश भाट अब हॉलीवुड का रुख कर रहे हैं। वे हॉलीवुड स्टार जेमी फॉक्स के साथ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म 'डेडलोक्ड' का निर्देशन करेंगे।
इस फिल्म को अमेजन MGM स्टूडियोज का साथ मिला है और यह दुनिया भर में प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम की जाएगी।
'डेडलोक्ड' के जूरी सदस्य पर ये संकट
'डेडलोक्ड' फिल्म एक ऐसे पूर्व मरीन की कहानी बताती है, जो अपने पुराने दुख से उबर नहीं पाया है। वह एक हाई-प्रोफाइल मुकदमे में जूरी सदस्य बनता है और इसी दौरान एक बंधक संकट में फंस जाता है।
इस फिल्म की कहानी एरिक स्कॉट एंडरसन और मैट ताकेजीरो बोसैक ने लिखी है। जेमी फॉक्स अपनी प्रोडक्शन कंपनी के साथ-साथ कई बड़े नामों के साथ मिलकर इस फिल्म को निर्मित भी कर रहे हैं।
निखिल नागेश भाट के लिए यह एक बड़ा मौका है, क्योंकि बॉलीवुड की हिट फिल्म 'किल' के बाद अब वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।