अक्षय कुमार ने छीनी सलमान खान की ये यादगार फिल्म? निखिल आडवाणी का बड़ा ऐलान
क्या है खबर?
बॉलीवुड में इन दिनों सीक्वल का दौर चल रहा है और अब इस सूची में 19 साल पहले आई सुपरहिट गानों वाली फिल्म 'सलाम-ए-इश्क' का नाम भी जुड़ गया है। निर्देशक निखिल आडवाणी इस कल्ट रोमांटिक फिल्म का सीक्वल बनाने की तैयारी कर रहे हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार फिल्म में सलमान खान की जगह अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। आइए जानते हैं क्या कुछ जानकारी मिली है।
सीक्वल
सीक्वल में दिखेगी 3 जोड़ों की उलझी हुई प्रेम कहानी
निखिल आडवाणी की 2007 की कल्ट रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'सलाम-ए-इश्क' का अब सीक्वल बनने जा रहा है। वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, निखिल अपनी इस लोकप्रिय रोमांटिक एंथोलॉजी को अब एक फ्रेंचाइजी के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। 'सलाम-ए-इश्क 2' की कहानी 3 ऐसे जोड़ों के इर्द-गिर्द घूमेगी, जिनकी जिंदगियां किस्मत, तकदीर और प्यार के जरिए एक-दूसरे से जुड़ती हैं। फिल्म समकालीन भारत में प्यार और रिश्तों पर एक नया नजरिया पेश करेगी।
वापसी
10 साल बाद रोमांटिक जॉनर में वापसी करेंगे निखिल
निखिल फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट लिख रहे हैं। अगले साल की शुरुआत में इस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। इसके जरिए निखिल करीब एक दशक के बाद रोमांटिक जॉनर में वापसी करेंगे। उनकी आखिरी रोमांटिक फिल्म साल 2015 में आई 'कट्टी बट्टी' थी। हाल के वर्षों में निखिल ने ज्यादातर एक्शन और ऐतिहासिक प्रोजेक्ट्स पर काम किया है, जिनमें 'बाटला हाउस', 'वेदा', 'मुंबई डायरीज' और 'फ्रीडम एट मिडनाइट' जैसी हिट फिल्में और सीरीज शामिल हैं।
सीख
पिछली गलतियों से सबक लेकर 'सलाम-ए-इश्क 2' बनाएंगे निखिल
साल 2007 में रिलीज हुई 'सलाम-ए-इश्क' बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। हालांकि, समय के साथ इसके भावनात्मक ड्रामा और गानों की वजह से इसे 'कल्ट क्लासिक' माना जाने लगा। वैरायटी इंडिया से निखिल ने स्वीकार किया कि उस वक्त दर्शकों का प्यार न मिलना उनके लिए एक गहरा आघात जैसा था। उन्होंने कहा, "सलाम-ए-इश्क फ्रेंचाइजी के लिए ये बिल्कुल सही समय है, क्योंकि अब मुझे अपनी उन गलतियों का अहसास है, जो मैंने पहली फिल्म के दौरान की थीं।"
स्टारकास्ट
अब 'सलाम-ए-इश्क 2' में सजेगी सिताराें की नई महफिल
पहली फिल्म में सलमान खान, प्रियंका चोपड़ा, जॉन अब्राहम, विद्या बालन, गोविंदा, अनिल कपूर, जूही चावला, अक्षय खन्ना और सोहेल खान जैसे दिग्गज सितारों की लंबी फौज नजर आई थी। निखिल का इरादा सीक्वल के लिए भी इसी तरह की एक प्रभावशाली स्टारकास्ट जुटाने का है। चर्चा है कि अक्षय कुमार के नाम पर मोहर लग चुकी है। ये फिल्म पूरी तरह से एक नई कहानी होगी, जो आज के दौर के आधुनिक रिश्तों की वास्तविकताओं पर आधारित होगी।