डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में फिर उतरीं रैपर निकी मिनाज, बताया सच्चा और साफ दिल वाला इंसान
मशहूर अमेरिकी रैपर और गायिका निकी मिनाज ने एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया है। फॉक्स न्यूज को दिए हालिया इंटरव्यू में उन्होंने ट्रंप को ‘सच्चा और साफ दिल वाला इंसान’ बताया। निकी ने कहा कि कई लोग भले ही खुले तौर पर ट्रंप की आलोचना करते हैं, लेकिन हो सकता है कि निजी तौर पर उनकी सोच अलग हो। उनके मुताबिक, ट्रंप की यही बेबाकी उन्हें दूसरे नेताओं से अलग बनाती है। हालांकि, संगीत इंडस्ट्री से जुड़े ज्यादातर लोग ट्रंप का समर्थन नहीं करते हैं।
मिनाज ने की ट्रंप के बेबाक राजनीतिक अंदाज की तारीफ
मिनाज ने ट्रंप के बेबाक और बिना स्क्रिप्ट वाले अंदाज की भी तारीफ की। उन्हें लगता है कि दूसरे नेताओं की तुलना में ट्रंप का ये तरीका अलग और बेहतर है। इसी साल की शुरुआत में मिनाज ट्रंप के समर्थन में आयोजित ट्रेजरी डिपार्टमेंट के एक समिट में भी शामिल हुई थीं। ट्रंप का समर्थन करने के कारण उन्हें कई बार आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद मिनाज का मानना है कि ट्रंप का उनकी जिंदगी पर अच्छा असर पड़ा है। यही वजह है कि वो आज भी खुलकर उनके समर्थन में अपनी बात रखती हैं।