LOADING...
#NewsBytesExclusive: 'वध 2' में संजय मिश्रा-नीना गुप्ता का अनदेखा अवतार, निर्देशक ने खोले गहरे राज

#NewsBytesExclusive: 'वध 2' में संजय मिश्रा-नीना गुप्ता का अनदेखा अवतार, निर्देशक ने खोले गहरे राज

Feb 05, 2026
06:48 pm

क्या है खबर?

लव फिल्म्स के बैनर तले बनी 'वध' सिर्फ एक फिल्म नहीं थी, बल्कि एक ऐसा सन्नाटा थी, जो पर्दा गिरने के बाद भी मन में गूंजता रहा। अब उसी सन्नाटे की गूंज को और गहरा करने लौट रही है 'वध 2', जहां कहानी पहले से ज्यादा तीखी है और किरदार पहले से ज्यादा परतदार। न्यूजबाइट्स से खास बातचीत में 'वध 2' के निर्देशक जसपाल सिंह संधू ने बताया कि इस बार संजय मिश्रा और नीना गुप्ता का अंदाज कैसा होगा।

कारण

क्यों जरूरी था 'वध 2' का आना? निर्देशक ने बताया असली कारण

निर्देशक ने माना कि पहले भाग को मिले बेशुमार प्यार से और वाहवाही लूटने की इच्छा जगी। साथ ही संजय और नीना गुप्ता जैसे कलाकारों संग दोबारा काम करने का उत्साह भी सीक्वल बनाने की बड़ी वजह रहा। निर्देशक बोले, "जब 'वध' जैसा मजबूत टाइटल और ऐसी कहानी हो, जो बार-बार आपको पुकारे तो उसे बनाना ही पड़ता है। इस बार बिल्कुल अलग यूनिवर्स रचा गया है। मुख्य कलाकार वही हैं, लेकिन उनके इर्द-गिर्द की दुनिया और कहानी नई है।"

उम्मीदें

दर्शकों का दबाव और टीम का भरोसा

सीक्वल के दबाव पर जसपाल कहते हैं कि शूटिंग के दौरान उन्हें पूरी आजादी मिली, लेकिन दर्शकों की उम्मीदों का दबाव लगातार बना रहा। पहले भाग की सफलता ने 'वध 2' के लिए मानक काफी ऊंचे कर दिए थे। उन्होंने बताया कि शूटिंग ड्राफ्ट तैयार होने तक तो वो तनाव में थे, लेकिन फिर टीम के साथ हुई चर्चाओं और स्क्रिप्ट पर मिली 'हरी झंडी' ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वो एक मजबूत कहानी के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

Advertisement

रिश्ता

'वध 2' में नीना और संजय के बीच प्रेम का नया रूप

निर्देशक के मुताबिक, इस बार नीना और संजय शादीशुदा जोड़े के रूप में नहींं, बल्कि एक पवित्र और निस्वार्थ प्रेम की कहानी में नजर आएंगे, जहां उनका रिश्ता समाज से छिपकर पनपता है। इन दिग्गज कलाकारों को निर्देशित करने के अनुभव पर उन्होंने कहा कि दबाव रहता है, लेकिन अगर नरेशन के दौरान कलाकारों का भरोसा जीत लिया जाए तो आधी जंग वहीं जीत ली जाती है, क्योंकि तभी कलाकार खुद को पूरी तरह निर्देशक के हवाले कर देते हैं।

Advertisement

स्टारकास्ट

ऐसे कलाकार मिलें तो निर्देशक धन्य हो जाता है- जसपाल

निर्देशक कहते हैं कि वो खुद को सौभाग्यशाली और धन्य मानते हैं कि उन्हें नीना-संजय जैसे महान कलाकारों के साथ एक नहीं, बल्कि 2 बार काम करने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि इस बार फिल्म में कुमुद मिश्रा और शिल्पा शुक्ला जैसे मंझे हुए कलाकार भी हैं, जो कहानी की गहराई को और बढ़ाते हैं। जसपाल के मुताबिक, ऐसे प्रतिभाशाली कलाकार फिल्म को और बेहतर बनाते हैं और उनके साथ काम करने का अहसास बिल्कुल अलग होता है।

बके

IFFI गोवा में मिली तालियों से मजबूत हुआ 'वध 2' का सफर

जसपाल ने माना कि 'वध 2' जैसी चुनौतीपूर्ण कहानी कहने को लेकर वो शुरुआत में डरे हुए थे। उन्होंने कहा, "शूटिंग ड्राफ्ट पूरा होने तक एक अनजाना डर बना हुआ था, लेकिन IFFI गोवा की शानदार प्रतिक्रिया ने सब बदल दिया। किसी भी फिल्म का अंतिम फैसला दर्शकों के हाथ में होता है। IFFI में जब फिल्म को जबरदस्त सराहना मिली तो मुझे यकीन हो गया कि हमने सही दिशा में कदम बढ़ाए हैं। मेरा आत्मविश्वास कई गुना बढ़ गया।"

ट्विटर पोस्ट

IFFI में चमकी 'वध 2'

पैमाना

"अगर फॉर्मूला चलता तो बॉलीवुड में हर फिल्म सुपरहिट होती"

जब जसपाल से पूछा गया कि क्या बॉलीवुड अब कंटेंट से ज्यादा मुनाफे के पीछे भाग रहा है तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "बॉलीवुड में कोई भी फॉर्मूला सुरक्षित नहीं है। अगर ऐसा होता तो फॉर्मूले पर बनी हर फिल्म सुपरहिट होती, लेकिन पिछले कुछ समय में कई ऐसी फिल्में भी पिटी हैं। अगर किसी फिल्म के लिए दर्शकों का सैलाब उमड़ रहा है तो इसका सीधा मतलब है कि जनता उसे पसंद कर रही है।"

कंटेंट

मजबूत कंटेंट के आगे हर फॉर्मूला फेल

निर्देशक के मुताबिक 'वध 2' कमर्शियल फिल्म है, लेकिन इसके लीड कलाकार उस उम्र के हैं, जिन्हें आमतौर पर मुख्य भूमिकाएं नहीं मिलतीं। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्मों और मलयालम सिनेमा को मिल रहे प्यार से बॉलीवुड की सोच बदल रही है और अब निर्माता भी ऐसे कंटेंट की ओर बढ़ रहे हैं। जसपाल के लिए दर्शकों की पसंद ही सबसे बड़ा फॉर्मूला है। अगर शानदार स्टारकास्ट और मजबूत कंटेंट को सराहना मिलेगी तो इंडस्ट्री का रुख बदलना तय है।

मंथन

सिर्फ मनोरंजन नहीं, एक सोच लेकर घर लौटेंगे दर्शक

बातचीत के अंत में जब जसपाल से पूछा गया कि 'वध 2' देखने के बाद दर्शक क्या लेकर निकलेंगे तो उन्होंने बड़े भरोसे के साथ जवाब दिया कि फिल्म उन्हें गहरी सोच के साथ सिनेमाघर से बाहर भेजेगी और कुछ बुनियादी सवालों पर सोचने को मजबूर करेगी। निर्देशक के मुताबिक, 'वध 2' में दर्शकों को पहले भाग से कहीं ज्यादा मनोरंजन और रोमांच देखने को मिलेगा। बता दें कि 'वध 2' 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

Advertisement