Loading...
फवाद-माहिरा की पाकिस्तानी सीरीज को भारत में रिलीज नहीं करेगा नेटफ्लिक्स, लिया बड़ा फैसला
फवाद-माहिरा की पाकिस्तानी सीरीज पर नेटफ्लिक्स का बड़ा फैसला

फवाद-माहिरा की पाकिस्तानी सीरीज को भारत में रिलीज नहीं करेगा नेटफ्लिक्स, लिया बड़ा फैसला

Nov 29, 2026
03:35 pm

क्या है खबर?

फवाद खान और माहिरा खान की पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' भारत में रिलीज नहीं होगी। भारत में पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर बढ़ते विवाद के बीच नेटफ्लिक्स ने ये फैसला लिया है। दरअसल, सरकार ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को पाकिस्तानी कंटेंट से जुड़ी एडवाइजरी याद दिलाई थी, वहीं फिल्म संगठनों ने भी सीरीज की रिलीज के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी थी। अब नेटफ्लिक्स के इस फैसले से विवाद और चर्चा में आ गया है।

कदम

FWICE के विरोध के बीच नेटफ्लिक्स का फैसला

इंडिया टुडे के सूत्रों के मुताबिक, ये सीरीज भारत में नेटफ्लिक्स के दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं होगी और इसे प्लेटफॉर्म की आगामी रिलीज की सूची से भी हटा दिया गया है।

नेटफ्लिक्स ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत की है और सरकार की 2025 की एडवाइजरी के मद्देनजर ये फैसला लिया है। हालांकि, भारत में कई अन्य प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तानी कंटेंट उपलब्ध है, लेकिन नेटफ्लिक्स का ये कदम भारत के मौजूदा हालात को देखते हुए उठाया गया है।

गुहार

सीरीज के खिलाफ AICWA और FWICE ने प्रधानमंत्री मोदी से लगाई गुहार

बता दें कि इस सीरीज का ट्रेलर 24 नवंबर को जारी हुआ था, जिसके बाद भारत में इसकी रिलीज को लेकर विवाद शुरू हो गया।

भारतीय फिल्म संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी संपर्क किया और उनसे इस सीरीज को भारत में स्ट्रीम होने से रोकने की मांग की।

ADVERTISEMENT

एडवाइजरी

पहलगाम हमले के बाद सरकार ने जारी की थी एडवाइजरी

फिल्म संगठनों का विरोध सरकार की 8 मई, 2025 को जारी एडवाइजरी के आधार पर है।

पहलगाम आतंकी हमले और इसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बाद सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने यह एडवाइजरी जारी की थी।

इसमें भारत में काम करने वाले OTT प्लेटफॉर्म और डिजिटल सेवाओं से पाकिस्तानी वेब सीरीज, फिल्मों, गानों, पॉडकास्ट और अन्य कंटेंट को दिखाना बंद करने को कहा गया था। मंत्रालय ने इसके पीछे राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला दिया था।

ADVERTISEMENT

निर्देश

नेटफ्लिक्स को सरकार की दो-टूक

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को एक बार फिर 2025 की एडवाइजरी का पालन करने को कहा है। साथ ही याद दिलाया है कि प्लेटफॉर्म ने जून 2025 में खुद सरकार को बताया था कि वो भारतीय दर्शकों के लिए पाकिस्तानी फिल्में और सीरीज उपलब्ध नहीं करा रहा है।

उधर FWICE ने चेतावनी दी है कि अगर सीरीज भारत में रिलीज हुई तो 5 दिसंबर से उसके सदस्य देशभर में नेटफ्लिक्स की शूटिंग का काम छोड़ सकते हैं।

ADVERTISEMENT