'ब्रिजर्टन' फैंस के लिए बड़ी खबर, नेटफ्लिक्स ने किया सीजन 5 का ऐलान; लेकिन टूट गई एक पुरानी परंपरा
दुनियाभर में मशहूर वेब सीरीज 'ब्रिजर्टन' के फैंस के लिए नेटफ्लिक्स ने एक साथ खुशखबरी और थोड़ी निराशा वाली खबर साझा की है। नेटफ्लिक्स की चीफ कंटेंट ऑफिसर बेला बाजरिया ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि 'ब्रिजर्टन' का पांचवा सीजन साल 2027 में दस्तक देगा।
दिलचस्प बात ये है कि इस घोषणा के साथ ही नेटफ्लिक्स की हर 2 साल में नया सीजन लाने की पुरानी परंपरा भी टूट जाएगी। सीरीज के अगले भाग की शूटिंग इसी साल मार्च में UK में शुरू हो चुकी है। नेटफ्लिक्स ने अपने बड़े इवेंट में फैंस के उत्साह को दोगुना करते हुए शो का पहला टीजर भी रिलीज कर दिया है।
फ्रांसेस्का और माइकला की कहानी में आएगा जबरदस्त मोड़
सीजन 5 में फ्रांसेस्का ब्रिजर्टन और माइकला स्टर्लिंग की दिलचस्प कहानी दिखाई जाएगी। कहानी में मोड़ तब आता है, जब पति की मौत के बाद फ्रांसेस्का दोबारा शादी करने का फैसला करती है। इसी दौरान उसके दिवंगत पति की चचेरी बहन माइकला लंदन लौट आती है। इसके बाद फ्रांसेस्का एक बड़ी दुविधा में फंस जाती है। ये सीजन इसी कशमकश को पर्दे पर उतारेगा कि क्या फ्रांसेस्का अपने दिमाग की सुनेगी या अपने दिल के पीछे जाएगी?