'मुसाफिर कैफे' का पहला गाना 'तेरा हुआ साहिबा' हुआ रिलीज, सुनते ही धड़कनें हो जाएंगी तेज
नेटफ्लिक्स ने अपनी नई रोमांटिक ड्रामा सीरीज 'मुसाफिर कैफे' का पहला गाना 'तेरा हुआ साहिबा' जारी कर दिया है। इस सीरीज में विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में दिखेंगे और इसका निर्देशन रुचिर अरुण ने किया है।
यह गाना अब आ गया है, जिसे गरवित-प्रियांश ने संगीतबद्ध किया है और गाया भी है।
इस गाने में हंसिका पारीक ने भी अपनी सुरीली आवाज दी है, जो सुनने में बेहद सुकून देती है। यह सीरीज 24 जुलाई से दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।
'मुसाफिर कैफे' दिव्य प्रकाश दुबे के उपन्यास से है प्रेरित
'तेरा हुआ साहिबा' गाना इस शो के लिए एक दिल छू लेने वाला माहौल तैयार करता है। इसमें प्यार, इत्तेफाकी मुलाकातें और खुद की पहचान ढूंढने जैसे विषयों को दिखाया गया है।
ये सभी खूबसूरत बातें भोपाल और मसूरी की हसीन वादियों में बुनी गई हैं। यह सीरीज दिव्य प्रकाश दुबे के उपन्यास से प्रेरित है, जिसमें ऐसे किरदारों की कहानी है, जो अपनी जिंदगी के सफर में खुद की तलाश करते हैं।
'टेरिबली टाइनी टेल्स' और 'होममेड स्टोरीज' ने इसका निर्माण किया है और इसे सिर्फ नेटफ्लिक्स पर ही देखा जा सकेगा।