नेटफ्लिक्स की दुनिया अब बनेगी आपकी मंजिल, भारतीय पर्यटन को लेकर हुआ बड़ा ऐलान
नेटफ्लिक्स इंडिया और पर्यटन मंत्रालय ने हाल ही में इनक्रेडिबल इंडिया वेबसाइट पर 'एज सीन ऑन नेटफ्लिक्स' नाम का एक नया और दिलचस्प फीचर लॉन्च किया है।
अब आप नेटफ्लिक्स इंडिया की फिल्मों और सीरीज में दिखाई गई असली शूटिंग की जगहें, वहां की सांस्कृतिक परंपराएं और उनसे जुड़े अनुभव, सब कुछ एक जगह पर देख पाएंगे।
नेटफ्लिक्स भारत में अपने 10 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है, और इसी मौके पर यह कदम उठाया गया है। इसका उद्देश्य देश की संस्कृति और जगहों को जानने के अनुभव को और भी मजेदार बनाना है।
NGMA में वन्यजीव और विरासत से जुड़े वीडियो लॉन्च
इस लॉन्च का आयोजन नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (NGMA) में किया गया, जहां केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारानडोस मौजूद थे।
उन्होंने इसके साथ ही भारत के वन्यजीव और विरासत को दर्शाने वाले वीडियो भी पेश किए। 'द एलिफेंट व्हिस्परर्स' और 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' जैसी हिट सीरीज ने पहले ही भारतीय जगहों को दुनिया भर में मशहूर कर दिया है।
इस पहल से उम्मीद है कि भारत आने के लिए और भी ज्यादा लोग प्रेरित होंगे।