नीतू कपूर की आपबीती- शराब के बिना सोना नामुमकिन था, डॉक्टर घर आकर सुलाती थीं मुझे
क्या है खबर?
ऋषि कपूर के निधन के बाद नीतू कपूर को न केवल गहरे सदमे से गुजरना पड़ा, बल्कि सोशल मीडिया पर भयानक ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा। सोहा अली खान के यूट्यूब शो 'ऑल अबाउट हर' के ताजा एपिसोड में नीतू ने अपनी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी के साथ शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ऋषि के निधन के बाद के उस कठिन दौर को याद किया, जब उन्होंने काम पर लौटने का फैसला किया था। आइए जानें क्या बोलीं नीतू।
ट्रोलिंग
ट्रोलर्स की इस बात से टूट गई थीं नीतू
नीतू ने अपना दर्द बयां कर कहा, "मैंने काम करना शुरू ही किया था, ऋषि जी के जाने के बाद मैंने 'जुग-जुग जियो' की। मैं बस अपना आत्मविश्वास वापस पाने के लिए काम पर गई थी। मेरी हालत बहुत खराब थी और जब लोग कहते थे कि 'देखो पति मर गया और ये काम पर कूद पड़ी' तो सुनकर बहुत दुख होता था। वो भयानक अनुभव था। जब ऋषि जी गए तो मैं एक-दो महीने तक सो नहीं पाई थी।"
लत
"बिना शराब पिए नींद नहीं आती थी"
नीतू बोलीं, "मैंने शराब पीना शुरू कर दिया। बिना पिए मुझे नींद ही नहीं आती थी। मुझे दिमाग को सुन्न करने और सोने की सख्त जरूरत थी। खुद से नफरत होने लगी थी। फिर मैंने मदद के लिए अपने डॉक्टर को फोन किया... उन्होंने एक स्त्री रोग विशेषज्ञ से मेरा संपर्क कराया, जो रात करीब 11 बजे मेरे घर आती थीं और मुझे इंजेक्शन लगाकर सुलाती थीं। वो तब तक वहीं बैठी रहती थीं, जब तक मैं सो नहीं जाती।"
सुझाव
करण जौहर ने दी थी नीतू को ये सलाह
नीतू ने बताया कि ये सिलसिला करीब 10 दिनों तक चला। उन्होंने कहा, "11वें या 12वें दिन मैंने डॉक्टर से कहा कि अब मैं ठीक हूं और आगे बढ़ सकती हूं।" उन्होंने बताया कि बाद में करण जौहर ने उन्हें दोबारा काम पर लौटने की सलाह दी। नीतू ने माना कि 'जुग-जुग जियो' की शूटिंग के दौरान उनकी मानसिक स्थिति काफी खराब थी और वो बहुत घबराई हुई थीं। हालांकि, इस अनुभव ने उन्हें पहले से ज्यादा मजबूत बना दिया।
जवाब
ट्रोलर्स को नीतू का जवाब
नीतू ने अपनी बातचीत के दौरान जीवन जीने का एक शानदार मंत्र भी साझा किया। उन्होंने बताया कि वो अब 'हमें क्या फर्क पड़ता है?' के मंत्र पर चलती हैं। उन्होंने आगे कहा कि अगर अब कोई उनसे कुछ पूछता या टोका-टाकी करता है तो वो पलटकर उनसे यही पूछती हैं कि तुम्हें इससे क्या मतलब? ऋषि और नीतू जनवरी, 1980 में शादी के बंधन में बंधे थे। उनके 2 बच्चे हैं बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी और बेटा रणबीर कपूर।
निधन
67 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए थे ऋषि कपूर
ऋषि को साल 2018 में ल्यूकेमिया (रक्त कैंसर) का पता चला था। इसके इलाज के लिए वो करीब 1 साल तक न्यूयॉर्क में रहे। 2019 में भारत लौटने के बाद उन्होंने फिर से काम करना शुरू किया। हालांकि, 2020 की शुरुआत में उनकी सेहत फिर बिगड़ने लगी और उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। आखिरकार, 30 अप्रैल 2020 को कैंसर से लंबी जंग लड़ने के बाद 67 वर्ष की आयु में ऋषि कपूर का निधन हो गया।