गाजा पर बनी ‘नाजा’ को वेनिस में 25 मिनट का स्टैंडिंग ओवेशन, इजरायल में विरोध
द गार्डियन की डॉक्यूमेंट्री 'नाजा' को लेकर इजरायल में विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म में गाजा में तैनात रहे 24 गुमनाम इजरायली सैनिकों के अनुभवों के जरिए युद्ध के दौरान उनके सामने आई नैतिक उलझनों को दिखाया गया है। वेनिस फिल्म फेस्टिवल में इसे दर्शकों की जोरदार प्रतिक्रिया मिली और 25 मिनट तक स्टैंडिंग ओवेशन दिया गया, वहीं, इजरायल में खासकर दक्षिणपंथी समूहों ने डॉक्यूमेंट्री का विरोध किया है।
नेतन्याहू ने 'नाजा' के निर्देशकों पर लगाया राजद्रोह का आरोप
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और धुर-दक्षिणपंथी राजनेताओं ने फिल्म के निर्देशकों पर ‘राजद्रोह’ का आरोप लगाया है। वे ऐसे कानून की मांग कर रहे हैं, जिसके तहत विदेशों में इजरायली सैनिकों की छवि को नुकसान पहुंचाने वालों की नागरिकता छीनी जा सके। विरोध और धमकियों के बीच 'नाजा' 30 सितंबर, 2026 को अमेरिका में रिलीज होगी। फिल्म का नाम इजरायली सेना के एक एक्रोनिम से लिया गया है, जो उन आम नागरिकों के लिए कूटशब्द के तौर पर इस्तेमाल होता है, जिनके सैन्य हमले में मारे जाने की आशंका होती है।