Loading...
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने जाहिर की खास ख्वाहिश, बॉलीवुड में निभाना चाहते हैं इस गुरु की भूमिका
पर्दे पर ओशो बनना चाहते हैं नवाजुद्दीन सिद्दीकी

नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने जाहिर की खास ख्वाहिश, बॉलीवुड में निभाना चाहते हैं इस गुरु की भूमिका

Nov 17, 2026
06:24 pm

क्या है खबर?

अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने इच्छा जताई है कि मौका मिलने पर वह आध्यात्मिक गुरु ओशो का किरदार पर्दे पर निभाना चाहेंगे। न्यूज18 से बातचीत में उन्होंने बताया कि ओशो के विचार, व्यक्तित्व और जीवन को देखने का नजरिया उन्हें बेहद आकर्षित करता है। इस दौरान उन्होंने यह भी खुलासा किया कि वह असल जिंदगी की किस शख्सियत का किरदार निभाना चाहते हैं। साथ ही, उन्होंने फिल्म निर्देशन से दूर रहने की वजह भी बताई।

किरदार

किस शख्सियत का किरदार निभाना चाहेंगे नवाजुद्दीन?

नवाजुद्दीन से बातचीत के दौरान जब पूछा गया कि वह असल जिंदगी की किस शख्सियत का किरदार निभाना चाहेंगे, तो उन्होंने तुरंत ओशो का नाम लिया।

इस आध्यात्मिक गुरु के दिलचस्प लगने का कारण बताते हुए नवाजुद्दीन ने कहा, "ओशो। उनका दर्शन, उनका व्यक्तित्व और उनका रवैया हमेशा से मुझे बहुत आकर्षित करता है। इसलिए, अगर मुझे ऐसा कोई मौका मिला, तो मैं जरूर उनका किरदार निभाना चाहूंगा।"

दिलचस्पी

नवाजुद्दीन को नहीं है निर्देशन में कोई दिलचस्पी

नवाजुद्दीन से यह भी पूछा गया कि क्या मौका मिलने पर वह किसी फिल्म के निर्देशन के बारे में सोचेंगे। हालांकि, अभिनेता ने साफ कर दिया कि उन्हें निर्देशन में कोई दिलचस्पी नहीं है।

उन्होंने कहा, "नहीं, निर्देशन मेरे बस की बात ही नहीं है। मुझे इसमें रत्ती भर भी दिलचस्पी नहीं है।"

उन्होंने आगे कहा कि वह हमेशा एक अभिनेता ही बने रहना चाहते हैं और एक बेहतर अभिनेता बनने की दिशा में काम करते रहना चाहते हैं।

ADVERTISEMENT

जानकारी

नवाजुद्दीन इन फिल्मों में आएंगे नजर

नवाजुद्दीन आखिरी बार फिल्म 'मैं एक्टर नहीं हूं' में देखा गया था। इसका प्रीमियर 8 मई, 2026 को हुआ था। वहीं वो जल्द ही फिल्म 'कबूतर', 'वो फिर कभी दिखा नहीं' और 'ब्लाइंड बाबू' में नजर आएंगे। वह 'तुम्बाड 2' में भी दिखाई देंगे।

ADVERTISEMENT