पंजाबी सिनेमा में डेब्यू करेंगे नवाजुद्दीन सिद्दीकी, इस अभिनेत्री संग बन सकती है जोड़ी
क्या है खबर?
नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपने अभिनय के दम पर हिंदी सिनेमा में खूब नाम कमा चुके हैं। 'गैंग्स ऑफ वासेपुर', 'बजरंगी भाईजान' और 'सेक्रेड गेम्स' जैसी कई फिल्मों व सीरीज के जरिए उन्होंने दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है। ताजा अपडेट है कि अभिनेता पंजाबी सिनेमा में अपना डेब्यू करने के लिए कमर कस रहे हैं। उनकी यह परियोजना अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल द्वारा समर्थित हाेगी, जिसमें नवाजुद्दीन मुख्य किरदार निभाते हुए दिखेंगे।
बातचीत
इस अभिनेत्री संग स्क्रीन साझा कर सकते हैं नवाजुद्दीन
वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस अनाम परियोजना के लिए मशहूर पंजाबी अभिनेत्री सोनम बाजवा के साथ निर्माताओं की बातचीत चल रही है।
अगर सब कुछ ठीक रहता है तो पहला मौका होगा जब दोनों कलाकार किसी परियोजना में साथ दिखेंगे।
जाहिर है कि सोनम ने 'हाउसफुल 5', 'बॉर्डर 2' और 'एक दीवाने की दीवानियत' जैसी फिल्माें में काम करके हिंदी दर्शकों के बीच अपनी खास जगह स्थापित की है।
आगामी फिल्म
'तुम्बाड 2' के जरिए बॉक्स ऑफिस पर करेंगे धमाका
फिलहाल नवाजुद्दीन 'तुम्बाड 2' में व्यस्त चल रहे हैं, जिसके निर्माता और मुख्य कलाकार सोहम शाह हैं।
यह साल 2018 में आई अलौकिक कथाओं पर आधारित हॉरर फिल्म 'तुम्बाड' की दूसरी कड़ी है, जो दिसंबर, 2027 में सिनेमाघरों का रुख करने के लिए तैयार है।
इस परियोजना में आलिया भट्ट भी आधिकारिक तौर पर जुड़ चुकी हैं।
इसके अलावा, नवाजुद्दीन की आगामी फिल्मों में निर्देशक रशिक खान की 'सेक्शन 108' और निर्देशक जयदीप चोपड़ा की 'संगीन' भी शामिल है।