इतिहास की सबसे बड़ी वाइल्डलाइफ सीरीज 'लायन' का ऐलान, अब दिखेगा असली शेरों का महायुद्ध
क्या है खबर?
नेशनल ज्योग्राफिक ने 'लायन' नाम की वाइल्डलाइफ डॉक्यूमेंट्री-सीरीज का ऐलान किया है। यह कई मायनों में खास होने वाली है, क्योंकि इसके जरिए पहली बार किसी शेर के शावक के जन्म से लेकर उसके राजा बनने तक के सफर को दिखाया जाएगा। 'द लायन किंग' जैसी मशहूर फिल्म के निर्देशक रहे जॉन फेवरू इस डॉक्यूमेंट्री के निर्माता हैं। BBC स्टूडियोज के नेचर फिल्म मेकर माइक गंटन भी इसका हिस्सा हैं, जबकि संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर ने दिया है।
शूटिंग
4 साल की मेहनत को दिखाती है यह डॉक्यूमेंट्री
'लायन' पहली ऐसी प्राकृतिक ऐतिहासिक डॉक्यूमेंट्री है, जिसे बनाने में 4 साल लगे।
स्थानीय केन्याई फिल्म निर्माताओं सहित प्रोडक्शन टीम ने मिलकर 52 अलग-अलग शेड्यूल में लगभग 1,400 दिन सीधे जंगल में गुजारे हैं।
किसी एक शेर के कुनबे पर इतिहास में किया गया यह सबसे लंबा ऑन-फील्ड प्रोजेक्ट बताया जाता है।
निर्माताओं ने शेरों की दुनिया को उनके ही नजरिए से पर्दे पर दिखाने के लिए लो-स्लिंग कैमरा सेटअप का इस्तेमाल किया है, जिससे दर्शक करीबी अनुभव महसूस करें।
स्ट्रीमिंग
जानिए कब और कहां होगा प्रीमियर
'लायन' का प्रीमियर 27 अगस्त, 2026 को शाम 7 बजे नेशनल ज्योग्राफिक इंडिया और जियोहॉटस्टार पर होगा।
हालांकि, अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों में इसका प्रीमियर 19 अगस्त, 2026 को हो चुका है और दर्शकों के लिए यह डिज्नी+ व हुलु पर उपलब्ध है।
बता दें कि डॉक्यूमेंट्री का निर्माण BBC स्टूडियोज नेचुरल हिस्ट्री यूनिट द्वारा नेशनल ज्योग्राफिक के लिए किया गया है। जेनेट हान विसेरिंग और टॉम मैकडॉनल्ड नेशनल ज्योग्राफिक इसके कार्यकारी निर्माता हैं।