फिल्म 'द पैराडाइज' की रिलीज तारीख में हो सकता है बदलाव, आखिर क्या है वजह?
क्या है खबर?
दक्षिण सिनेमा के सुपरस्टार नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द पैराडाइज' फिर से चर्चा में हैं। हालिया खबरों के अनुसार, इसकी रिलीज फिर से स्थगित हो सकती है। इसे तय समय से एक महीने आगे बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। पिछले महीने भी फिल्म की रिलीज में देरी की खबरें आई थीं, जिसे निर्माताओं ने पूरी तरह से अफवाह करार दिया था। हालांकि इस नई जानकारी ने दोबारा से फैंस को चिंतित कर दिया है।
वजह
'द पैराडाइज' की शूटिंग अभी भी बाकी
तेलुगु चित्रालु की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 'द पैराडाइज' 25 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग के 120 से ज्यादा कार्य दिवस पूरे हो चुके हैं, लेकिन करीब 60 दिनों की शूटिंग बाकी है। पिछले हफ्ते शुरू हुआ लंबा शूटिंग शेड्यूल अगले 60 दिनों तक जारी रह सकता है। इस दौरान निर्माता बाकी बचे दृश्यों और गानों को पूरा करने की योजना बना रहे हैं।
रिलीज
पहले भी देरी का सामना कर चुकी है नानी की फिल्म
'द पैराडाइज' को सबसे पहले 26 मार्च, 2026 को रिलीज किया जाना था। उस वक्त रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' रिलीज होनी थी, जिस कारण निर्माताओं ने रिलीज को 21 अगस्त कर दिया। अब फिर से फिल्म की देरी को लेकर खबरें सामने आ रही हैं। बरहाल, श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी यह एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसमें नानी मुख्य किरदार में नजर आएंगे। वहीं राघव जुयाल, मोहन बाबू और सोनाली कुलकर्णी जैसे सितारे अहम किरदार में हैं।