नागार्जुन की 100वीं फिल्म 'किंग 100' का आधिकारिक ऐलान, सोशल मीडिया पर वायरल हुई पहली झलक
निर्माताओं ने साउथ सुपरस्टार नागार्जुन अक्किनेनी के जन्मदिन के अवसर पर उनकी ऐतिहासिक 100वीं फिल्म 'किंग 100' का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही फिल्म का पहला दमदार वीडियो भी जारी किया गया है। आरए कार्तिक के निर्देशन में बन रही और अन्नपूर्णा स्टूडियोज के बैनर तले प्रस्तुत इस फिल्म में देवी श्री प्रसाद का संगीत है। जारी किए गए वीडियो में नागार्जुन अपने पूरे स्वैग और एक्शन-हीरो वाले बड़े अवतार में नजर आ रहे हैं। ये एक्शन-ड्रामा फिल्म इसी साल 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
जानदार डायलॉग, बेहतरीन टीम और जबरदस्त स्वैग
इस वीडियो का सबसे खास पल नागार्जुन की आवाज है। इसमें आग से एक बच्चे को बचाते हुए वो कहते हैं, "जब मेरे पास पैसे नहीं थे तो लोग मुझे लूजर कहते थे। जब पैसे आए तो किंग बुलाने लगे, लेकिन ये पहचान पैसों से भी ज्यादा ताकतवर है।" फिल्म की टीम में सिनेमेटोग्राफर राजा महादेवन और एडिटर नवीन नूली जैसे हुनरमंद लोग भी शामिल हैं। इसी साल की शुरुआत में नागार्जुन ने फिल्म 'लेनिन' का निर्माण किया था, जिसमें उनके बेटे अखिल मुख्य भूमिका में दिखे थे। इसके अलावा वो रजनीकांत के साथ फिल्म 'कुली' में भी नजर आए थे।