'नाटू नाटू' के गायक राहुल सिप्लिगंज पर FIR, युवती को धमकी देने और उत्पीड़न का आरोप
क्या है खबर?
'नाटू नाटू' से दुनियाभर में लोकप्रिय हुए गायक और 'बिग बॉस तेलुगू 3' के विजेता राहुल सिप्लिगंज कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। आंध्र प्रदेश के विशाखापटनम में उनके और 11 अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि राहुल के रिश्तेदार ने शादी का झांसा देकर उसे धोखा दिया और निजी वीडियो लीक करने की धमकी दी। राहुल पर भी डराने-धमकाने और जबरन बयान दिलवाने का आरोप है।
आरोप
शादी का झांसा और निजी वीडियो लीक करने की धमकी
TV9 तेलुगू की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि राहुल सिप्लिगंज समेत 11 लोग उसे धमका रहे हैं।
पीड़िता का आरोप है कि राहुल सिप्लिगंज के रिश्तेदार (जीजा/बहनोई) कर्पूरापू राहुल रेड्डी ने खुद को गायक का रिश्तेदार बताकर शादी का झांसा दिया।
आरोप है कि बाद में उसने युवती की निजी तस्वीरें और वीडियो लीक करने की धमकी दी, जिससे उसके सम्मान और निजी जीवन को भारी नुकसान पहुंचा है।
धाराएं
BNS और IT एक्ट के तहत FIR
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि राहुल सिप्लिगंज ने उसे धमकाकर जबरन एक वीडियो बयान दिलवाया।
शिकायत के आधार पर विशाखापटनम के MVP पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने राहुल समेत अन्य आरोपियों पर डराने-धमकाने, उत्पीड़न और धमकी देने के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और IT एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल, इस पूरे विवाद पर गायक राहुल सिप्लिगंज की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
लोकप्रियता
राहुल ने ऑस्कर विजेता गाना 'नाटू नाटू' गाकर पाई वैश्विक पहचान
बता दें कि राहुल सिप्लिगंज तेलुगू सिनेमा के मशहूर गायक और गीतकार हैं, जिन्हें यूट्यूब पर अपने स्वतंत्र गानों से पहचान मिली।
एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' के ऑस्कर विजेता गाने 'नाटू नाटू' ने उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रसिद्धि दिलाई। इस गाने को एमएम कीरावनी ने कंपोज किया था और इसे राहुल ने काला भैरव के साथ गाया था।
तेलंगाना सरकार ने इस उपलब्धि पर उन्हें 1 करोड़ का इनाम दिया था।