'धमाल' के निर्देशक-निर्माता पर हुआ पुलिस केस, लगा ये बड़ा आरोप
मुंबई पुलिस ने 'धमाल' के निर्देशक इंद्र कुमार और निर्माता अशोक ठकेरिया पर केस दर्ज किया है। फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर विकास साहनी ने उन पर आरोप लगाया है कि 2019 में उन्हें फिल्म के राइट्स बेचे गए थे, लेकिन इस बात की जानकारी नहीं दी गई कि ये राइट्स पहले से ही किसी और को बेचे जा चुके थे।
साहनी ने 2007 में आई इस कॉमेडी फिल्म के वर्ल्डवाइड और डिजिटल राइट्स खरीदने के लिए 1.5 करोड़ रुपये का भुगतान किया था, मगर बाद में उन्हें पता चला कि इस सौदे में एक बड़ा पेंच था।
2015 से 'धमाल' के राइट्स शेमारू के पास थे
असल में, 'धमाल' के राइट्स साल 2015 से ही शेमारू एंटरटेनमेंट के पास थे। इस धोखे की वजह से साहनी के हाथ से कई सौदे निकल गए और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
उन्होंने अपनी बात साबित करने के लिए कॉपीराइट के दस्तावेज दिखाए और साल 2023 की शुरुआत में एक लीगल नोटिस भी भेजा, लेकिन उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिला। अब इस मामले में धोखाधड़ी के आरोप में इंद्र और अशोक के खिलाफ पुलिस केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।