मीठी नदी मामले में डिनो मोरिया से फिर पूछताछ, जानें क्या है पूरा मामला?
बॉलीवुड अभिनेता डिनो मोरिया को मीठी नदी में गाद निकालने के कथित घोटाले को लेकर मुंबई पुलिस ने एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाया।
उनके और उनके भाई के नाम फोन रिकॉर्ड में सामने आए हैं, जिनसे पता चला है कि वे नदी सफाई प्रोजेक्ट से जुड़े कुछ संदिग्ध सौदों में शामिल लोगों के संपर्क में थे।
इसी वजह से उनकी जांच चल रही है। इस पूरे मामले में संदिग्ध पैसों के लेन-देन और पैसे के गलत इस्तेमाल का आरोप है।
आर्थिक अपराध शाखा 65.54 करोड़ के लापता फंड की जांच कर रही
पुलिस का कहना है कि आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने मोरिया से दोबारा पूछताछ की है। जांचकर्ताओं को उनके ऐसे फोन रिकॉर्ड मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि वह इस मामले से जुड़े कुछ लोगों के संपर्क में थे।
EOW इस बात की जांच कर रही है कि किस तरह मुंबई महानगरपालिका से 65.54 करोड़ रुपये गायब हो गए। आरोप है कि यह सब टेंडरों में हेराफेरी और भ्रष्टाचार की वजह से हुआ।
इस मामले में पहले ही कई अहम लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें केतन कदम भी शामिल हैं, जिनकी कंपनी पर आरोप है कि उसने गलत तरीके से महानगरपालिका के ठेके हासिल किए थे। भाजपा नेता प्रसाद लाड और प्रवीण दरेकर ने भी इस मामले में गड़बड़ियों के आरोप लगाए हैं।
एक विशेष टीम भी गहराई से इसकी जांच कर रही है। ऐसे में यह मामला अभी खत्म होता नहीं दिख रहा है।