LOADING...
सलमान खान को 25 साल के शख्स ने दी जान से मारने की धमकी, हुआ गिरफ्तार
सलमान खान को धमकी देने वाला गिरफ्तार (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@salmankhanfanclub)

सलमान खान को 25 साल के शख्स ने दी जान से मारने की धमकी, हुआ गिरफ्तार

Jun 16, 2024
02:42 pm

क्या है खबर?

अभिनेता सलमान खान जहां इन दिनों अपनी नई फिल्म 'सिकंदर' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं, वहीं उनके घर के बाहर हुई फायरिंग और अन्य मामलों को लेकर भी लगातार चर्चा में हैं। सलमान को बीते दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। धमकी देने वाले आरोपी बनवारीलाल लटूरलाल गुर्जर को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। आइए पूरा मामला जानते हैं।

शिकंजा

कई धाराओं में दर्ज किया गया मामला

पिछले दिनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक व्यक्ति ने यूट्यूब पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें सलमान को जान से मारने की बात कही गई थी। सायबर पुलिस ने इस मामले में 506(2), 504, 34 IPC के साथ IT एक्ट 66 (D) के तहत FIR दर्ज की है। जांच के लिए क्राइम ब्रांच की एक टीम राजस्थान गई हुई थी। वहां से टीम ने 25 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया, जिसका नाम बनवारीलाल लटूरलाल गुर्जर है।

गोलीबारी

14 अप्रैल को हुई थी सलमान के घर के बाहर फायरिंग

बीते 14 अप्रैल को भी सलमान पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई थी। उनके घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर 2 बाइकसवार फायरिंग करके फरार हो गए थे। पुलिस ने अगले ही दिन दोनों शूटरों को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया था, वहीं बाद में एक और आरोपी अनुज थापन को इस मामले में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन उसने कुछ दिन बाद ही जेल में आत्महत्या कर ली थी। पुलिस अब भी मामले की छानबीन कर रही है।

Advertisement

बयान

सलमान ने हाल ही में दर्ज कराया बयान

घटना के 2 महीने बाद हाल ही में सलमान ने मुंबई पुलिस को बयान दिया। उन्होंने पुलिस से कहा, "बार-बार अलग-अलग लोगों के निशाने पर आने से मैं थक गया हूं। पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं, जुर्माने लगे हैं। कई मामलों में फंसा हूं। मैं निराश हो चुका हूं। मैं पहले से ही कोर्ट से सजा पा चुका हूं।" अभिनेता ने बताया कि 14 अप्रैल की सुबह गोलियों की आवाज सुनकर ही उनकी नींद खुली थी।

Advertisement

हमला

सलमान की हत्या के लिए पाकिस्तान से मंगवाए जा रहे थे AK-47

गैलेक्सी अपार्टमेंट में फायरिंग करने के बाद लॉरेंस का गिरोह दोबारा सलमान पर हमला करवाने की प्लानिंग कर रहा था। बीते 1 जून को इस मामले में नवी मुंबई पुलिस ने लॉरेंस गिरोह के 4 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ये लोग पनवेल में सलमान की कार पर हमला करने की योजना बना रहे थे। इसके लिए इन्होंने पाकिस्तान से AK-47 समेत कई हथियार मंगवाने की प्लानिंग की थी।

Advertisement