
नवाजुद्दीन सिद्दीकी को मिला कोर्ट से नोटिस, पत्नी आलिया ने लगाए थे गंभीर आरोप
क्या है खबर?
अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं।
उनकी पत्नी आलिया ने पिछले दिनों उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए उन पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद अब नवाजुद्दीन मुश्किल में फंसते दिखाई दे रहे हैं।
दरअसल, कोर्ट ने उन्हें इस बाबत नोटिस जारी कर दिया है। आलिया के वकील रिजवान सिद्दीकी ने यह भी कहा था कि पुलिस उनकी मुवक्किल की कोई मदद नहीं कर रही है।
आरोप
आलिया ने अपनी शिकायत में क्या कहा?
टाइम्स नाउ के मुताबिक, नवाजुद्दीन को मुंबई के अंधेरी कोर्ट ने नोटिस जारी किया है।
आलिया के वकील रिजवान के मुताबिक, नवाजुद्दीन और उनके परिवार ने उनकी मुवक्किल को नहाने के लिए बाथरूम नहीं दिया। उनके लिए खाना तक नहीं दिया और ना ही सोने के लिए बिस्तर मिला। आलिया को सात दिनों में केवल दो बार नहाने को मिला, वो भी शौचालय में। उनके पास एक ताजा वीडियो है, जिसमें बॉडीगार्ड उन्हें नहाने की इजाजत नहीं दे रहे हैं।
सबूत
वीडियो कोर्ट में दिखाएंगे आलिया के वकील
रिजवान ने कहा, "सबूत के रूप में वीडियो को मैं कोर्ट के सामने पेश करूंगा।"
बीते दिनों रिजवान ने कहा था, "नवाजुद्दीन और उनके परिवार के सदस्यों ने आलिया को घर से निकालने की हर संभव कोशिश की। पहले उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। फिर पुलिस के जरिए गिरफ्तारी की धमकी दी और अब उन पर जुल्म किए जा रहे हैं।"
उन्होंने कहा था कि कोई भी पुलिस अधिकारी आलिया के अधिकारों की रक्षा के लिए कभी सामने नहीं आया।
शुरुआत
आलिया के भारत लौटने के बाद शुरू हुआ विवाद
आलिया अपने बच्चों के साथ दुबई में रह रही थीं। पासपोर्ट की दिक्कतों के कारण उन्हें भारत लौटना पड़ा। लिहाजा वह नवाजुद्दीन के अंधेरी वाले बंगले में रहने लगीं।
ये सारा विवाद तभी से शुरू हुआ, क्योंकि आलिया के अनुसार उनका वहां रहना नवाजुद्दीन की मां को कतई रास नहीं आया।
इसके बाद उनकी मां ने आलिया के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और IPC की धारा 452, 323, 504, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जानकारी
आलिया का फोन तक नहीं उठाते नवाजुद्दीन
आलिया के मुताबिक, जब वह घर पहुंचीं तो वह नवाजुद्दीन वहां नहीं थे। उन्होंने आलिया का फोन तक उठाना बंद कर दिया था। नवाजुद्दीन के कहने पर आलिया दुबई में थीं, लेकिन कुछ समय से उन्होंने आलिया को पैसे भेजना भी बंद कर दिया था।
शादी
2009 में हुई थी नवाजुद्दीन-आलिया की शादी
नवाजुद्दीन ने आलिया से 2009 में शादी की थी। इस्लाम धर्म अपनाने से पहले आलिया, अंजना पांडे थीं। इनके दो बच्चे हैं- शोरा और यानी।
2020 में आलिया ने खुलासा किया था कि वह नवाजुद्दीन से तलाक ले रही हैं। तब पहली बार उनके रिश्ते में आई खटास के बारे में पता चला था, लेकिन एक साल बाद यानी 2021 में आलिया ने तलाक का फैसला वापस लेने का मन बनाया।
हालांकि, अब उनके बीच फिर मतभेद हो गए हैं।