Page Loader
इस दिन मात्र 75 रुपये में फिल्म दिखाएंगे सिनेमाघर, जानिए वजह
सिनेमा दिवस पर मात्र 75 रुपये में दिखाई जाएंगी फिल्में

इस दिन मात्र 75 रुपये में फिल्म दिखाएंगे सिनेमाघर, जानिए वजह

Sep 14, 2022
01:09 pm

क्या है खबर?

पहली बार भारतीय सिनेमाघर राष्ट्रीय सिनेमा दिवस मनाने जा रहे हैं। बता दें कि अमेरिका में 3 सितंबर को राष्ट्रीय सिनेमा दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर देश के अलग-अलग सिनेमाघर हिस्सा लेते हैं। इसी तर्ज पर पहली बार भारत में भी मल्टिप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (MAI) ने सिनेमा दिवस मनाने का फैसला किया है। आइए, आपको बताते हैं भारत में सिनेमा दिवस किस दिन मनाया जाना है और इससे दर्शकों को क्या फायदा मिलेगा।

सिनेमा दिवस

इन सिनेमाघरों में दर्शक उठा सकते हैं फायदा

MAI ने 23 सितंबर को राष्ट्रीय सिनेमा दिवस मनाने का फैसला लिया है। यह सिनेमाघरों द्वारा सिने प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करने का एक तरीका है। PVR, आइनॉक्स, वेव, सिनेपॉलिस, कार्निवल, सिटी प्राइड, मिराज, एशियन, मूवी टाइम, M2K और डिलाइट जैसे सिनेमाघर इस जश्न का हिस्सा होंगे। इसके तहत 23 सितंबर को इन सिनेमाघरों के लगभग 4,000 स्क्रीन्स पर मात्र 75 रुपये में फिल्में दिखाई जाएंगी। इस सूचना ने दर्शकों को उत्साहित कर दिया है।

फिल्में

देखने को मिलेंगी रणबीर कपूर से लेकर सनी देओल की फिल्में

जिस तरह से 'ब्रह्मास्त्र' इन दिनों सिनेमाघरों में छाई हुई है, मुमकिन है कि 23 सितंबर को यह कई स्क्रीन्स पर मौजूद रहेगी। 16 सितंबर को स्वरा भास्कर की फिल्म 'जहां चार यार' रिलीज हो रही है। यह भी इस सेलिब्रेशन का हिस्सा होगी। 23 सितंबर को दो-दो सस्पेंस थ्रिलर फिल्में एक साथ रिलीज हो रही हैं। इस दिन आर माधवन की 'धोखा: राउंड द कॉर्नर' और सनी देओल और दुलकर सलमान की 'चुप' पर्दे पर रिलीज होंगी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

2009 में रिलीज हुई जेम्स कैमरून की फिल्म 'अवतार' भी 23 सितंबर को सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज हो रही है। दिसंबर में फिल्म का सीक्वल रिलीज होना है। इससे पहले निर्माताओं ने पहली फिल्म को फिर से रिलीज करने का फैसला लिया है।

ब्रह्मास्त्र

'ब्रह्मास्त्र' के कारण टाला गया राष्ट्रीय सिनेमा दिवस?

MAI ने पहले राष्ट्रीय सिनेमा दिवस 16 सितंबर को तय किया था, लेकिन शायद 'ब्रह्मास्त्र' की सफलता को देखते हुए इसे एक हफ्ते आगे कर दिया गया। बॉलीवुड हंगामा की खबर के अनुसार 'ब्रह्मास्त्र' के टिकट महंगे होने के बाद भी लोग इसे देखने आ रहे हैं। सोमवार को भी फिल्म ने अच्छा बिजनस किया। साफ है कि अपने दूसरे वीकेंड पर भी फिल्म अच्छा प्रदर्शन करेगी। ऐसे में फिल्म के आठवें दिन ही टिकट सस्ता करना ठीक नहीं है।

MAI

क्या है MAI?

MAI द्वारा राष्ट्रीय सिनेमा दिवस मनाने का फैसला किया गया है। यह भारतीय सिनेघरों का एक एसोसिएशन है। इसका काम सिनेमाघर ऑपरेटरों और जनता के बीच संवाद बनाना है। साथ ही यह सिनेमाघर के मालिकों की चुनौतियों को हल करने में मदद करती है। 11 मल्टिप्लेक्स चेन इस एसोसिएशन का हिस्सा है जो देशभर में 2,500 से ज्यादा स्क्रीन्स चलाती हैं। MAI भारत के मल्टीप्लेक्स इंडस्ट्री के 25 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करती है।