मृणाल ठाकुर की OTT पर देखने लायक शानदार फिल्में, IMDb पर रेटिंग भी दमदार
क्या है खबर?
मृणाल ठाकुर की फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' 10 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता अदिवि शेष मुख्य किरदार में नजर आए हैं। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। जाहिर है कि इस फिल्म के जरिए मृणाल एक बार फिर चुनौतीपूर्ण किरदार के साथ पर्दे पर लौटी हैं। चलिए एक नजर डालते हैं उनकी ऐसी ही दमदार फिल्मों पर जिनके जरिए उन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
#1
'सीता रामम'
मृणाल की सबसे चर्चित और लोकप्रिय फिल्मों में 'सीता रामम' का नाम शामिल है। हनु राघवपुडी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में दुलकर सलमान और रश्मिका मंदाना भी शामिल हैं। इसे IMDb ने 8.5 की रेटिंग से नवाजा है। जियोहॉटस्टार पर मौजूद यह फिल्म 2022 में रिलीज हुई थी, जिसमें मृणाल ने सीता महालक्ष्मी का किरदार निभाया है। यह फिल्म 2 प्यार करने वालों को खोजने की कहानी पर आधारित है, जिसने अपने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।
#2 & #3
'हाय पापा' और 'गुमराह'
सुपरस्टार नानी की फिल्म 'हाय पापा' 2023 में रिलीज एक रोमांटिक-ड्रामा फिल्म है, जिसे IMDb पर 8.2 की रेटिंग मिली है। इसमें मृणाल ने याशना का किरदार निभाया है, जो याददाश्त खो चुकी है। इस फिल्म का क्लाइमैक्स दिल छू लेता है। दूसरी ओर, फिल्म 'गुमराह' में अभिनेत्री ने एक तेजतर्रार पुलिस अधिकारी का किरदार निभाकर खुद को साबित किया है। 6.5 IMDb रेटिंग वाली इस फिल्म में आदित्य रॉय कपूर भी हैं। यह दोनों फिल्में नेटफ्लिक्स पर मौजूद हैं।
#4 & #5
'जर्सी' और 'सुपर 30'
शाहिद कपूर के साथ फिल्म 'जर्सी' में मृणाल की जोड़ी को बेहद पसंद किया गया था। IMDb पर 7.3 रेटिंग हासिल वाली इस स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म में अभिनेत्री एक नौकरीपेशा पत्नी विद्या का किरदार निभाती दिखी हैं। यह उनकी एक बेहतरीन और देखने लायक फिल्म है। यह र्नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। जियोहॉटस्टार पर फिल्म 'सुपर 30' मौजूद है जिसमें उन्होंने ऋतिक रोशन की प्रेमिका सुप्रिया का किरदार निभाया है। 7.9 रेटिंग वाली इस फिल्म की कहानी शिक्षा पर आधारित है।