Page Loader
जन्मदिन विशेष: ऋचा चड्ढा की बेहतरीन फिल्में, जिन्हें OTT पर देखना पसंद करते हैं लोग
18 दिसंबर को है ऋचा का जन्मदिन (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@ therichachadha)

जन्मदिन विशेष: ऋचा चड्ढा की बेहतरीन फिल्में, जिन्हें OTT पर देखना पसंद करते हैं लोग

Dec 18, 2022
08:00 am

क्या है खबर?

अभिनेत्री ऋचा चड्ढा की गिनती बॉलीवुड की बेहतरीन अभिनेत्रियों में होती है, जिन्होंने अपने अभिनय से अपने किरदार को जीवंत किया है। अभिनय के अलावा ऋचा अपने विचार खुलकर रखने के लिए भी जानी जाती हैं। इस वजह से वह अकसर विवादों में भी घिर चुकी हैं। 18 दिसंबर को ऋचा अपना 36वां जन्मदिन मना रही हैं। आइए, नजर डालते हैं ऋचा के अभिनय से सजी फिल्मों पर जिनको आप OTT पर देख सकते हैं।

#1

शकीला

यह फिल्म 2020 में आई थी। फिल्म में ऋचा के साथ पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिका में थे। यह फिल्म एक अभिनेत्री के संघर्षरत कलाकार से एक सुपरस्टार बनने की कहानी है। हालांकि, फिल्म क्रिटिक्स का दिल नहीं जीत पाई थी। फिल्म का निर्देशन इंद्रजीत लंकेश ने किया है। यह फिल्म कई जगह विद्या बालन की फिल्म 'द डर्टी पिक्चर' की याद दिलाती है। ऋचा और पंकज की यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।

#2

सेक्शन 375

'सेक्शन 375' 2019 में रिलीज हुई थी। फिल्म में ऋचा के साथ अक्षय खन्ना मुख्य भूमिका में थे। अक्षय और ऋचा दोनों ने वकीलों का किरदार निभाया है। कहानी में एक बड़े फिल्म निर्देशक पर उसके क्रू की एक सदस्य रेप का आरोप लगाती है। फिल्म 'मर्जी या जबरदस्ती?' जैसे जरूरी सवाल को उठाती है। अमेजन प्राइम पर मौजूद इस फिल्म को लोगों ने बेहतरीन कोर्टरूम ड्रामा फिल्मों में से एक बताया है।

#3

मैडम चीफ मिनिस्टर

यह पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म पिछले साल जनवरी में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी उत्तर प्रदेश की राजनीति से प्रेरित थी, जिसमें ऋचा ने एक उभरती हुई नेता का किरदार निभाया था जो एक दिन मुख्यमंत्री बन जाती है। फिल्म में ऋचा के साथ सौरभ शुक्ला और मानव कौल नजर आए थे और इसका निर्देशन सुभाष कपूर ने किया था। ऋचा और मानव की यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है।

#4

मसान

2015 की फिल्म 'मसान' में ऋचा ने पहली बार लीड रोल निभाया था। अभिनेता विक्की कौशल ने भी लीडिंग रोल में इस फिल्म से ही अपना डेब्यू किया था। फिल्म में ऋचा और विक्की के साथ श्वेता त्रिपाठी, पंकज त्रिपाठी और संजय मिश्रा भी नजर आए थे। 'मसान' बॉलीवुड की बेहतरीन फिल्मों में गिनी जाती है। जीवन में अंधेरों से निकलकर उजाले की ओर जाने की आशा को दिखाने वाली इस फिल्म को नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

#5

फुकरे

इस फिल्म में 'भोली पंजाबन' के किरदार में ऋचा ने खूब वाहवाही बटोरी थी। 'फुकरे' 2013 और फिर सीक्वल 'फुकरे रिटर्न्स' 2017 में रिलीज हुई थी। 'फुकरे 3' के भी जल्द आने की चर्चा हो रही है। इस फिल्म में ऋचा के साथ अली फजल, मनजोत सिंह, पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा और पंकज त्रिपाठी नजर आए थे। इस मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म का मजा आप OTT प्लेटफॉर्म डिज्नी+ हॉटस्टार पर ले सकते हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

'फुकरे' के सेट पर ही अली फजल और ऋचा के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जिसके बाद दोनों ने डेटिंग शुरू की थी। इस साल अक्टूबर में दोनों ने अपनी शादी की रस्में भी पूरी कर लीं। दोनों 2020 में कानूनी रूप से शादी कर चुके थे।