बादशाह की बढ़ी मुश्किलें, हरियाणा में FIR के बाद यूट्यूब से हटाया गया नया गाना 'टटीरी'
क्या है खबर?
रैपर बादशाह एक बार फिर कानूनी पचड़ों में फंसते नजर आ रहे हैं। उनके नए गाने 'टटीरी' को लेकर हरियाणा के पंचकूला में FIR दर्ज की गई है, जिसके तुरंत बाद इस गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है। इस गाने के बोल और वीडियो में स्कूल ड्रेस पहनी लड़कियों के चित्रण को लेकर भारी विरोध जताया गया था, जिसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता अभय चौधरी की शिकायत पर पुलिस ने ये कड़ी कार्रवाई की है।
शिकायत
पंचकूला में शिकायत के बाद 'टटीरी' पर कार्रवाई
रैपर-गायक बादशाह का हालिया रिलीज हुआ हरियाणवी म्यूजिक वीडियो 'टटीरी' हरियाणा में दर्ज हुई पुलिस शिकायत के बाद यूट्यूब से हटा दिया गया है। हरियाणा पुलिस ने शुक्रवार को पंचकूला के साइबर क्राइम थाने में रैपर बादशाह के खिलाफ FIR दर्ज की है। ये शिकायत एक स्थानीय निवासी द्वारा दर्ज कराई गई थी, जिसने आरोप लगाया कि गाने में बेहद आपत्तिजनक बोल और दृश्य हैं, जो समाज के लिए अपमानजनक और पूरी तरह से अनुपयुक्त हैं।
चित्रण
'बादशाला' शब्द पर उठे सवाल
FIR के अनुसार मामला महिलाओं के अश्लील चित्रण (प्रतिषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 3 और 4 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप है कि बादशाह के यूट्यूब चैनल पर जारी म्यूजिक वीडियो में लड़कियों को स्कूल ड्रेस में दिखाया गया है। वीडियो का सेट स्कूल जैसा है, जिसे गाने में 'बादशाला' कहा गया है। आरोप है कि ये पवित्र शब्द 'पाठशाला' का भद्दा और विकृत रूप है।
समन
महिला आयोग ने भी किया बादशाह को तलब
शिकायत में कहा गया है कि स्कूल के माहौल में ऐसे दृश्य दिखाने से बच्चों और युवा दर्शकों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी कड़ा रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि बादशाह को 13 मार्च को आयोग के सामने पेश होने के लिए समन भेजा गया है, ताकि वो गाने के बोल और दृश्यों के पीछे के असली इरादे को स्पष्ट कर सकें।