मोहित मलिक ने खोला 'मिर्जापुर' में अपने किरदार का राज, बोले- सही और गलत से परे है 'बीरजू लोहार'
अभिनेता मोहित मलिक फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' में बीरजू लोहार का किरदार निभा रहे हैं। उनका कहना है कि बीरजू को सिर्फ अच्छा या बुरा कहना सही नहीं होगा, क्योंकि उसके किरदार में कई कमियां हैं और वो हमेशा सही फैसले नहीं लेता। मोहित के मुताबिक, यही बातें इस किरदार को दिलचस्प बनाती हैं। एक अभिनेता के तौर पर वो किसी भी किरदार को सही या गलत के नजरिए से नहीं देखते, बल्कि उसकी वजहों और भावनाओं को समझने की कोशिश करते हैं। इससे किरदार ज्यादा असली लगता है और दर्शक उससे जुड़ पाते हैं।
'मिर्जापुर: द मूवी' में फिर साथ दिखे पुराने चेहरे
'मिर्जापुर: द मूवी' में एक बार फिर दर्शकों को कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया की दुनिया देखने को मिल रही है। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म वेब सीरीज की कहानी को सीधे आगे बढ़ाने के बजाय पहले सीजन की घटनाओं के बीच की एक अनकही कहानी दिखाती है। इसमें पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु अपने पुराने किरदारों में लौटे हैं। इनके अलावा रवि किशन, जितेंद्र कुमार, मोहित मलिक, सोनल चौहान, रसिका दुग्गल और हर्षिता गौर भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म में सत्ता की लड़ाई, पुरानी दुश्मनी और नए दुश्मनों के बीच मिर्जापुर की गद्दी पर कब्जे की जंग दिखाई गई है।