'दृश्यम 3' की रिलीज के बीच मोहनलाल क्यों हुए भावुक? वीडियो आया सामने
क्या है खबर?
मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल अपनी फिल्म 'दृश्यम 3' को लेकर लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। 21 मई को रिलीज हुई यह फिल्म दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया हासिल कर रही है। इसने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर 15 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार करके अपना खाता खोला है। खैर, इन सब के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सुपरस्टार भावुक होते नजर आए। उन्होंने अपने दर्शकों का आभार भी व्यक्त किया।
स्क्रीनिंग
'दृश्यम 3' की स्क्रीनिंग से सामने आया वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो 'दृश्यम 3' की स्क्रीनिंग के दौरान का है। मोहनलाल को सिनेमाघर में दर्शकों के बीच बैठे हुए देखा जा सकता है। इस दौरान वह अपनी आंखों से आंसू पोछते हैं और खुद को संभालते दिखते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए फिल्म को प्यार देने के लिए फैंस का आभार भी जताया। बता दें, 'दृश्यम 3' अभिनेता के 66वें जन्मदिन पर रिलीज हुई, जिससे यह दोहरे जश्न का पल बन गया।