मोहनलाल की फिल्म 'पैट्रियट' को सेंसर बोर्ड से झटका, इस कारण नहीं हुई पास
क्या है खबर?
मोहनलाल और ममूटी की फिल्म 'पैट्रियट' अगले महीने सिनेमाघरों का रुख करेगी। महेश नारायणन द्वारा निर्देशित इस फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की ओर से झटका लगा है। दरअसल फिल्म में एक किरदार के नाम पर चिंता जाहिर की गई है। नतीजन सेंसर बोर्ड ने बदलाव के निर्देश दिए हैं। बताया जाता है कि निर्माताओं ने बोर्ड के निर्देशानुसार दोबारा से फिल्म में एडिटिंग की है, और अब फिल्म को प्रमाणन के लिए दोबारा से पेश किया जाएगा।
वजह
इस कारण फिल्म सेंसरशिप की अनिश्चितता में फंसी
इंडिया टुडे ने मातृभूमि की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया कि फिल्म में एक खलनायक के नाम को लेकर सेंसर की तरफ से आपत्ति जताई गई है। बताया जाता है कि यह नाम एक प्रमुख राजनेता के बेटे के नाम से मिलता-जुलता है। नतीजन, फिल्म से कुछ ऐसे दृश्य और नाम को हटाया गया है, जिन्हें संभावित रूप से विवादास्पद माना जा रहा था। सेंसर के निर्देश पर राजनीतिक थ्रिलर फिल्म में बदलाव की प्रक्रिया पूरी की गई है।
रिलीज
जानिए कब रिलीज हो रही फिल्म 'पैट्रियट'
रिपोर्ट में आगे कहा गया कि निर्माता फिल्म की री-एडिटिंग काॅपी को दोबारा सेंसर बोर्ड के पास जमा करने वाले हैं। उन्हें उम्मीद है कि फिल्म को रिलीज से पहले प्रमाण पत्र देकर पास कर दिया जाएगा। बता दें, 'पैट्रियट' पहले 23 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होनी थी, लेकिन अप्रत्याशित कारणों से ऐसा नहीं हुआ। अब यह फिल्म 1 मई, 2026 को रिलीज होगी। इसमें नयनतारा और फहद फासिल जैसे सितारे भी नजर आएंगे।