दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर MNS की चेतावनी, मांग न मानी तो सड़कों पर उतरेगी पार्टी
क्या है खबर?
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने शुक्रवार शाम होने वाले इस कार्यक्रम का विरोध करते हुए इसे रद्द करने की मांग की है। पार्टी ने नशे के इस्तेमाल और लोगों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए मुंबई पुलिस को पत्र सौंपा है। MNS ने चेतावनी दी है कि अगर कॉन्सर्ट हुआ तो कार्यकर्ता स्थानीय लोगों के साथ मिलकर सड़क पर उतरेंगे और रास्ते जाम करेंगे।
कारण
दिलजीत के शो पर क्यों उठा विवाद?
MNS की ये मांग एंटी-नारकोटिक्स सेल की उस जांच के कुछ दिनों बाद आई है, जिसमें 22 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान नशे के सेवन की जांच में 55 में से 12 लोग पॉजिटिव पाए गए थे।
इस घटना का हवाला देते हुए पार्टी ने दोसांझ के कॉन्सर्ट में भी ऐसी ही गतिविधियों की आशंका जताई है और कार्यक्रम के दौरान किसी अप्रिय घटना की चेतावनी दी है।
सवाल
नशे की शिकायतों के बावजूद कार्यक्रमों को अनुमति क्यों?
विभागीय अध्यक्ष दिनेश ज्ञानेश्वर पुंडे द्वारा ताड़देव पुलिस स्टेशन को भेजे गए पत्र में MNS ने सवाल उठाया है कि नशे की बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन महालक्ष्मी रेसकोर्स और NSCI डोम में कॉन्सर्ट्स को अनुमति व सुरक्षा क्यों दे रहा है।
पार्टी ने दावा किया कि इन दोनों जगहों के म्यूजिकल इवेंट्स में नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री और सेवन से युवाओं में नशे की लत का खतरा बढ़ रहा है।
घटना
पिछले साल युवक की मौत का दिया हवाला
MNS ने पिछले साल इसी जगह हुई एक घटना का भी जिक्र किया, जिसमें नशे के सेवन के बाद एक युवक की मौत हो गई थी।
पार्टी का दावा है कि ऐसे कार्यक्रमों के बाद कई लोग नशे की हालत में आसपास की सड़कों पर घूमते हैं।
इसे लेकर स्थानीय लोगों ने शिकायत की है, वहीं कुछ अभिभावकों ने भी युवाओं पर ऐसे आयोजनों के असर को लेकर स्थानीय शाखा से चिंता जताई है।
चेतावनी
दी रास्ता रोको की चेतावनी
नशे के इस्तेमाल की चिंता के साथ MNS ने कॉन्सर्ट वाली जगहों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम का मुद्दा उठाया।
पार्टी का कहना है कि बार-बार होने वाले आयोजनों से स्थानीय लोगों को परेशानी होती है।
MNS ने पुलिस पर सवाल उठाते हुए शिकायतों के बावजूद कार्यक्रमों को मंजूरी देने पर आपत्ति जताई। पार्टी ने महालक्ष्मी रेसकोर्स और NSCI डोम में भविष्य के आयोजनों पर रोक मांगी और शो रद्द न होने पर रास्ता रोको की चेतावनी दी।