साउथ की अभिनेत्री मृणालिनी रवि ने बॉयफ्रेंड महाविष्णु संग की सगाई, बोलीं- हर जन्म में तुम्हें ही चुनूंगी
तमिल और तेलुगू फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री मृणालिनी रवि ने अपने बॉयफ्रेंड महाविष्णु से सगाई कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी सगाई की बेहद खूबसूरत तस्वीरें शेयर करके फैंस को यह खुशखबरी दी।
तस्वीरों के साथ उन्होंने एक प्यारा सा दिल छू लेने वाला नोट भी लिखा, 'तुमसे प्यार करना आखिरकार खुद से प्यार करने जैसा लगता है।' उन्होंने आगे अपने प्यार का इजहार करते हुए लिखा, 'हर जन्म में और हर दुनिया में, मैं सिर्फ और सिर्फ तुम्हें ही चुनूंगी।'
महाविष्णु ने 7 साल की दोस्ती पर कही ये बात
पारंपोरुल फाउंडेशन चलाने वाले महाविष्णु ने भी अपनी 7 साल पुरानी दोस्ती के प्यार में बदलने की खूबसूरत कहानी शेयर की। उन्होंने लिखा, "सात साल की हमारी गहरी दोस्ती अब मेरी जिंदगी का प्यार बन चुकी है। इंटरनेशनल गर्लफ्रेंड्स डे के खास मौके पर मैं अपनी जिंदगी की इस नई शुरुआत का ऐलान कर रहा हूं।"
दोनों के इस खूबसूरत रिश्ते से खुश होकर फैंस और फिल्मी सितारों ने उन्हें ढेरों बधाइयां दीं।
आपको बता दें कि मृणालिनी ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत फिल्म 'सुपर डीलक्स' से की थी, जिसके बाद वो 'गड्डालकोंडा गणेश' और 'एनिमी' जैसी लोकप्रिय फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं।