दलेर मेहंदी विवाद में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने संभाला मोर्चा, अगली बार सम्मान से होगा स्वागत
क्या है खबर?
उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर विवाद जारी है। भाजपा सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर पर नशे में गाने का आरोप लगाया था। इस विवाद के बीच शुक्रवार को गायक मीका सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने भाई का खुलकर बचाव किया। मीका ने दावा किया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें फोन कर मंत्री के इस बयान पर अपनी तरफ से खेद जताया है।
बयान
मुख्यमंत्री धामी को बताया बड़ा भाई
इंडिया टुडे के सवाल का जवाब देते हुए मीका सिंह ने कहा, "मेरी बात अपने बड़े भाई, प्यारे दोस्त और जिनका मैं बहुत सम्मान करता हूं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई। जब भी मैं देहरादून जाता हूं, वो मुझसे बहुत गर्मजोशी से मिलते हैं और जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं। उन्होंने मुझसे और दलेर पाजी (दलेर मेहंदी) से जिस तरह से बात की, वो बहुत विनम्र और शालीन थी।"
आश्वासन
"अगली बार उत्तराखंड आने पर मिलेगा पूरा सम्मान"
मीका बोले, "धामी जी ने मंत्री की तरफ से माफी मांगी। हालांकि, मैंने उनसे कहा कि इसकी जरूरत नहीं, क्योंकि उनकी कोई गलती नहीं थी, लेकिन उन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि जब भी मैं और दलेर पाजी अगली बार उत्तराखंड आएंगे, हमारा पूरे सम्मान के साथ स्वागत किया जाएगा।"
मीका ने स्टेज शो का वीडियो वायरल होने के बाद कहा था कि अगर कोई साबित कर दे कि उनके भाई शराब पीते हैं तो वोे संगीत छोड़ देंगे।
समर्थन
दलेर मेहंदी के बचाव में क्या बोले थे मीका?
दलेर के लंबे सफल करियर का जिक्र कर मीका बोने थे कि उनके भाई का नाम कभी शराब से नहीं जुड़ा। उन्होंने खराब तबीयत के बावजूद अपनी पेशेवर प्रतिबद्धता निभाई।
मीका ने नशे के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने माना कि फीस देने के नाते मंत्री को शो की गुणवत्ता पर सवाल उठाने का हक है, लेकिन शराब पीने का आरोप गलत है, वहीं मंत्री सुबोध उनियाल का कहना था कि नवरात्रि उत्सव में नशे में प्रस्तुति देना अनुचित है।