धीमी शुरुआत के बावजूद ऑब्सेशन ने किया कमाल, तोड़ा 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' का रिकॉर्ड
माइकल जॉनस्टन और इंडे नवार्रेट अभिनीत सुपरनैचुरल हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर एक नया रिकॉर्ड बनाया है।
इसने रयान गोसलिंग के 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। 29 मई, 2026 को रिलीज हुई 'ऑब्सेशन' की कहानी बेयर नाम के एक संगीत स्टोर कर्मचारी के इर्द-गिर्द घूमती है।
वह अपनी दोस्त निक्की का प्यार जीतने के लिए एक जोखिम भरा और सुपरनैचुरल कदम उठाता है, जिसके बाद उसे बेहद डरावने अंजाम भुगतने पड़ते हैं।
फिल्म ने कुल 77.96 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसने 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' के 75.22 करोड़ की कमाई को पीछे छोड़ दिया है।
'ऑब्सेशन' की हुई धीमी शुरुआत
'ऑब्सेशन' ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की थी, लेकिन बाद में इसने लगातार अच्छी कमाई की।
पहले दिन 1.75 करोड़ रुपये कमाए, तीसरे दिन तक यह आंकड़ा 3.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया और एक महीने के भीतर फिल्म ने 77 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।
फिल्म की सह-कलाकार नवार्रेट ने जॉनस्टन के अभिनय की जमकर तारीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि जॉनस्टन ने बेयर के किरदार में कमाल की सच्ची भावनाएं भरी हैं।
वहीं, जॉनस्टन ने बताया कि बेयर का किरदार निभाना उनके लिए एक तरह से थेरेपी जैसा था।
'प्रोजेक्ट हेल मैरी' ने कमाए इतने करोड़
'ऑब्सेशन' के सिनेमाघरों में आने से पहले, 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' ने 26 मार्च से बॉक्स ऑफिस पर कुल 75.22 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
इस कामयाब फिल्म में रयान गोसलिंग ने एक ऐसे स्कूल टीचर की भूमिका निभाई थी, जो एक एलियन स्पेसशिप पर फंस जाता है।
फिल लॉर्ड और क्रिस मिलर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 'ऑब्सेशन' के रिलीज होने तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम रखे हुए थी।