'मेट' से सम्मानित होने वाले दुनिया के तीसरे जीवित डिजाइनर बने जॉन गैलियानो
फैशन की दुनिया के शौकीनों के लिए एक बेहद शानदार खबर सामने आई है। साल 2027 में 'मेट कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट' की प्रदर्शनी दिग्गज डिजाइनर जॉन गैलियानो के नाम रहने वाली है। 'जॉन गैलियानो: होराइजन्स' नाम की ये प्रदर्शनी 9 मई, 2027 से 9 जनवरी, 2028 तक चलेगी, जिसमें उनके 4 दशक लंबे बेमिसाल करियर और कला को करीब से दिखाया जाएगा। इस प्रदर्शनी में प्रिंसेस डायना की मशहूर 'डायर स्लिप ड्रेस' और मेट गाला में रिहाना का यादगार 'मेसों मार्जिला लुक' जैसे उनके कुछ सबसे कालजयी डिजाइन देखने को मिलेंगे।
जॉन गैलियानो ने रचा इतिहास
ये प्रदर्शनी मुख्य रूप से 3 हिस्सों में बांटी गई है 'बेयरिंग्स' (उनका सफर, संघर्ष और वापसी), 'होराइजन्स' (इतिहास व कला से मिली प्रेरणा), और 'एटलस ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन' (पर्दे के पीछे के स्केचेस और फिटिंग्स)। इस ऐतिहासिक सम्मान के साथ जॉन गैलियानो 'मेट' द्वारा सम्मानित होने वाले दुनिया के तीसरे जीवित डिजाइनर बन गए हैं। इसके साथ ही उनका नाम अब यवे सेंट लॉरेंट और री कावाकुबो जैसे दिग्गजों की कतार में शामिल हो गया है। ये प्रदर्शनी फैशन इंडस्ट्री में गैलियानो के उस क्रांतिकारी योगदान को करीब से समझने का एक बेमिसाल मौका साबित होगी, जिसने फैशन की पूरी दुनिया को बदलकर रख दिया।