30 साल बाद मीनाक्षी शेषाद्रि करने जा रही धमाकेदार वापसी, खुद संभालेंगी करियर की कमान
'दामिनी' और 'घायल' जैसी यादगार फिल्मों से घर-घर में पहचान बनाने वाली मीनाक्षी शेषाद्रि पूरे तीन दशक बाद एक बार फिर अभिनय की दुनिया में लौट रही हैं।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर जानकारी दी कि वे मुंबई लौट आई हैं। मीनाक्षी का कहना है कि उन्हें अब ऐसे किरदारों की तलाश है, जो उन्हें सचमुच चुनौती दे सकें और एक कलाकार के तौर पर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें। अपने चाहने वालों के प्यार और समर्थन के लिए उन्होंने शुक्रिया अदा किया।
मीनाक्षी ने कहा कि वह अभिनय की दुनिया में फिर से खुद को तलाशने के लिए बेताब हैं और कुछ अच्छे और मायने रखने वाले प्रोजेक्ट का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं।
जैकी श्रॉफ ने किया मीनाक्षी का स्वागत
इससे पहले भी मीनाक्षी को कई ऑफर मिले थे, लेकिन उन्होंने उन सबको ठुकरा दिया था। उनका कहना है कि वे दमदार नहीं थे और अब वे ऐसे किरदारों की तलाश में हैं, जो वाकई कुछ मायने रखते हों।
खास बात यह है कि मीनाक्षी अपनी वापसी खुद ही संभाल कर रही हैं, उन्होंने कोई एजेंट नहीं रखा है। उन्होंने अपनी वापसी का यह ऐलान एक वीडियो के जरिए किया।
मीनाक्षी ने अपने इस नए सफर को 'आशा, जुनून और सकारात्मकता के साथ' नाम दिया है और अपने प्रशंसकों से ढेर सारा आशीर्वाद भी मांगा है।
उनके साथ काम कर चुके अभिनेता जैकी श्रॉफ ने भी मीनाक्षी की वापसी का स्वागत किया है। उनकी वापसी की खबर से पुराने फैंस के बीच काफी उत्सुकता देखी जा रही है।