LOADING...
'मैरी कॉम' के कोच और नेपाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सुनील थापा का निधन
फिल्म 'मैरी कॉम' के कोच सुनील थापा नहीं रहे

'मैरी कॉम' के कोच और नेपाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सुनील थापा का निधन

Feb 07, 2026
02:21 pm

क्या है खबर?

प्रियंका चोपड़ा अभिनीत फिल्म 'मैरी कॉम' में कोच की यादगार भूमिका निभाने वाले दिग्गज नेपाली अभिनेता सुनील थापा का 68 वर्ष की आयु में काठमांडू में निधन हो गया है। नेपाली सिनेमा में विलेन के किरदारों से अपनी खास पहचान बनाने वाले सुनील ने बॉलीवुड की भी कई बड़ी फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया था। पिछली बार उन्हें मनोज बाजपेयी अभिनीत वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 3' में देखा गया था।

कारण

कार्डियक अरेस्ट बना मौत की वजह

सुनील ने काठमांडू के थापाथली स्थित नॉर्विक अस्पताल में 7 फरवरी 2026 को अंतिम सांस ली। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता को शनिवार सुबह अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने सुबह करीब 8 बजे ECG करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मृत्यु का प्राथमिक कारण कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) माना जा रहा है। उनके निधन की खबर मिलते ही फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

शुरुआत

बॉलीवुड फिल्म से शुरू किया था एक्टिंग करियर

नेपाल के दांग में जन्मे सुनील काठमांडू के शंखमूल स्थित अपने अपार्टमेंट में अकेले रह रहे थे, जबकि उनके परिवार के सदस्य मुंबई में रहते हैं। परिवार के नेपाल पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सुनील ने नेपाली सिनेमा के साथ-साथ बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में भी अपनी अदाकारी का जादू बिखेरा। उन्होंने अपना एक्टिंग करियर किसी नेपाली फिल्म से नहीं, बल्कि बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'एक दूजे के लिए' से शुरू किया था।

Advertisement

करियर

अभिनय से पहले फुटबॉल और पत्रकारिता में आजमाया हाथ

सुनील का व्यक्तित्व केवल अभिनय तक सीमित नहीं था। एक्टिंग में आने से पहले वे एक सफल मॉडल और पेशेवर फुटबॉलर थे, जिन्होंने मुंबई के कई क्लबों के लिए फुटबॉल खेली। इतना ही नहीं, उन्होंने फोटो पत्रकार के रूप में भी काम किया और 1974 में भूटान के राज्याभिषेक को कवर किया था। नेपाली सिनेमा में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्में कीं, लेकिन फिल्म 'चिनो' में उनके 'राते कायला' के किरदार ने उन्हें इंडस्ट्री का सबसे खूंखार विलेन बना दिया।

Advertisement

आखिरी झलक

मनोज बाजपेयी के साथ सुनील थापा की आखिरी परफॉर्मेंस

सुनील थापा को आखिरी बार मनोज बाजपेयी की सुपरहिट वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 3' में देखा गया था। इस सीरीज में उन्होंने डेविड खुजू नाम के एक प्रभावशाली नागालैंड नेता और 'MCA' के प्रमुख की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सीरीज में उनका किरदार 'प्रोजेक्ट सहकार' के जरिए पूर्वोत्तर क्षेत्र में शांति बहाली की कोशिशों में जुटा नजर आता है। इस सीरीज में दलीप ताहिल और मनोज के साथ उनके दृश्यों को काफी सराहा गया था।

Advertisement