सूर्या की फिल्म से सीन कटा तो बुरी तरह भड़के मंसूर अली खान, कहा- असली 'करप्पु' तो मैं हूं
वरिष्ठ अभिनेता मंसूर अली खान ने सूर्या अभिनीत फिल्म 'करप्पु' के निर्माताओं के प्रति अपनी भारी नाराजगी जताई है। चेन्नई में आयोजित 'ऑल पास' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने निर्देशक आरजे बालाजी की इस फिल्म के लिए अन्य विलेन कलाकारों के साथ एक खास डांस सीक्वेंस शूट किया था। हालांकि, फिल्म के फाइनल कट से इसे पूरी तरह हटा दिया गया। मंसूर अली खान ने निर्माताओं से सीधा सवाल किया कि इतने बड़े पैमाने पर शूट किए गए इस गाने को फिल्म में जगह क्यों नहीं दी गई और ना ही इसे अलग से यूट्यूब पर जारी किया गया।
मंसूर ने सहायक अभिनेताओं को किनारे करने पर साधा निशाना
फिल्म में अपना डांस सीन काटे जाने पर मंसूर ने दर्द साझा करते हुए बताया कि जब उनके बेटों ने थिएटर में उनका सीन नहीं देखा तो वे भी बेहद निराश हुए। उन्होंने सवाल उठाया, "एक अभिनेता के योगदान पर इस तरह अंधेरा क्यों डाला जाता है? मैंने अपने करियर में 350 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है, फिर भी मेरा सीन क्यों छुपाया गया?"
उन्होंने उन फिल्म निर्माताओं पर भी खुलकर निशाना साधा, जो केवल मुख्य अभिनेताओं को तरजीह देते हैं और सहायक कलाकारों के काम को नजरअंदाज कर देते हैं। खुद को असली 'करप्पु' बताते हुए खान के इस बयान ने अब इंडस्ट्री में उन सीन की बहस को फिर जिंदा कर दिया है, जो बेहद मेहनत से फिल्माए तो जाते हैं] लेकिन फाइनल कट में दर्शकों तक नहीं पहुंच पाते।