Loading...
मनोज मुंतशिर 'आदिपुरुष' पर बोले- पता नहीं किस धुन में लिखे डायलॉग, सोचकर शर्म आती है
'आदिपुरुष' पर बोले मनोज मुंतशिर, सोचकर शर्मिंदगी महसूस होती है

मनोज मुंतशिर 'आदिपुरुष' पर बोले- पता नहीं किस धुन में लिखे डायलॉग, सोचकर शर्म आती है

Jul 25, 2026
12:57 pm

क्या है खबर?

फिल्म 'आदिपुरुष' के सिनेमाघरों में आने के 3 साल बाद इसके संवाद लेखक मनोज मुंतशिर ने अब ओम राउत के निर्देशन में बनी इस फिल्म को अपनी जिंदगी की 'सबसे बड़ी गलती' करार दिया है। एक हालिया इंटरव्यू में मुंतशिर ने प्रभास और कृति सैनन अभिनीत इस फिल्म को मिली आलोचनाओं को याद किया और स्वीकार किया कि उन्हें इस पर बड़ी 'शर्मिंदगी' है। आइए जानें क्या कुछ बोले मुंतशिर।

अहसास

'आदिपुरुष' का बचाव करना मेरी सबसे बड़ी गलती थी

टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में मनोज मुंतशिर ने कहा, "शुरुआत में मैं थोड़ा इसे खारिज कर रहा था और मुझे इस बात को समझने में 2 दिन लगे। 'आदिपुरुष' मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी और उस फिल्म का बचाव करना उससे भी बड़ी गलती थी। उस फिल्म को लेकर जो कुछ भी हुआ, मुझे उस पर बहुत शर्मिंदगी है और जो भी हुआ, उसके लिए मैं इस देश से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं।"

शर्म

"पीछे मुड़कर देखता हूं तो शर्म आती है"

फिल्म के संवादों पर हुई आलोचनाओं पर बात कर लेखक ने आगे कहा, "अब जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो मुझे शर्म आती है कि मैंने वे डायलॉग लिखे थे। पता नहीं किस धुन में मैंने वे डायलॉग लिख दिए।"

जून 2023 में आई हुई फिल्म 'आदिपुरुष' महाकाव्य रामायण पर आधारित है। हालांकि, रिलीज के बाद इस पौराणिक कथा को गलत तरीके से पेश करने के कारण फिल्म को दर्शकों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा था।

ADVERTISEMENT

विवाद

रामायण के चित्रण पर बढ़ा था आक्रोश

दर्शकों ने फिल्म के संवादों और रावण व भगवान हनुमान के चित्रण पर भारी निराशा जताई। निर्माताओं द्वारा विवादित 'कपड़ा तेरे बाप का' डायलॉग बदलने के बावजूद इसका कोई असर नहीं पड़ा।

फिल्म के CBFC प्रमाणन को रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका को भी अदालत ने खारिज कर दिया। उधर पिछले दिनों फिल्म में माता सीता की भूमिका निभाने वाली कृति सैनन ने खुलासा किया था कि दर्शकों की आलोचना से उन्हें गहरा दुख हुआ था।

ADVERTISEMENT