Loading...
'रामायण' से 'आदिपुरुष' की तुलना पर भड़के मनोज मुंतशिर- मैंने श्रीराम के लिए कव्वालियां नहीं लिखीं

'रामायण' से 'आदिपुरुष' की तुलना पर भड़के मनोज मुंतशिर- मैंने श्रीराम के लिए कव्वालियां नहीं लिखीं

Oct 28, 2026
05:27 pm

क्या है खबर?

एआर रहमान और हंस जिमर के संगीत से सजे 'रामायण पार्ट 1' के गानों को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है, जहां शुरुआती आलोचना के बाद दर्शक अब इनकी तारीफ कर रहे हैं। इसी बीच साल 2023 की फ्लॉप फिल्म 'आदिपुरुष' के गीतकार और संवाद लेखक मनोज मुंतशिर ने अपनी फिल्म के गानों की तुलना 'रामायण' से होने पर प्रतिक्रिया दी है। बता दें कि बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटने वाली 'आदिपुरुष' को दर्शकों का भारी विरोध सहना पड़ा था।

गुस्सा

'मंगल रंग' से तुलना पर भड़के मनोज मुंतशिर

'आदिपुरुष' के गानों और संवादों की तुलना जब 'रामायण' के नए गाने 'मंगल रंग' से की गई तो मनोज मुंतशिर का गुस्सा फूट पड़ा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक मीडिया रिपोर्ट पर तीखा ऐतराज जताते हुए उन्होंने साफ कहा कि उनके भक्ति गीतों को स्टंट कहना पूरी तरह से गलत है।

मीडिया और ट्रोलर्स को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने इस तरह की तुलना को सरासर अज्ञानता करार दिया और अपने लिखे गानों का खुलकर बचाव किया।

तारीफ

'आदिपुरुष' के गाने कमाल के, आज भी गाता है देश का बच्चा-बच्चा- मनोज मुंतशिर

मनोज ने लिखा, 'स्टाइल स्टंट? देश के खुद को सर्वश्रेष्ठ बताने वाले न्यूज चैनल ने अनपढ़ों जैसी अज्ञानता भरी बात कही है। मेरे भाई, काश मेरा वो 'स्टंट' फिल्म 'रामायण' के गानों में दोहराया गया होता। 'आदिपुरुष' एक बेहद खराब फिल्म थी, उसके संवाद तो और भी घटिया थे, लेकिन उसके गानों की बात ही अलग है। आज देश का बच्चा-बच्चा उन्हें गाता है। कभी अयोध्या जाकर देखिए, वहां हर गली-नुक्कड़ पर सिर्फ आदिपुरुष के ही गाने बजते सुनाई देंगे।'

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए मनाेज मुंतशिर का पोस्ट

ADVERTISEMENT

दो टूक

'मैंने श्रीराम के लिए कविता या कव्वाली नहीं लिखी'

मनोज ने लिखा, 'आदिपुरुष के गानों को बनाते वक्त भक्ति में कोई कमी नहीं थी। जो गलती मुझसे हुई, उसके लिए मैं राम भक्तों से अनगिनत बार माफी मांग चुका हूं और मुझे माफ भी कर दिया गया, लेकिन गानों पर सवाल मत उठाइए। उनमें समर्पण और काव्य-सौंदर्य था। मैंने भगवान श्रीराम के लिए कोई बच्चों की कविताएं या कव्वालियां नहीं लिखी थीं। आगे आने वाले लोग समझदार हैं, वे जानते हैं कि किसकी क्या कीमत है। जय श्री राम।'

कारण

'रामायण' के भक्ति गीत 'मंगल रंग' पर क्यों मचा घमासान?

बता दें कि कई दर्शकों का आरोप है कि रहमान ने रामायण के भक्ति गीत 'मंगल रंग' में 'कव्वाली' और सूफी (जैसे 'कुन फाया कुन') जैसी धुनें मिला दी हैं, जो एक पौराणिक महाकाव्य के माहौल और पवित्रता से मेल नहीं खातीं।

कई संतों और सनातन समर्थकों का कहना है कि भगवान श्रीराम के गीतों में शास्त्रीय और पारंपरिक वाद्ययंत्रों का प्रयोग होना चाहिए था। कव्वाली का अहसास कराने वाली धुनें और शब्द धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाते हैं।

फिल्म

कब रिलीज हो रहा 'रामायण' का पहला भाग?

नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बन रही 'रामायण' 2 भागों में रिलीज होगी।

इस भव्य सिनेमाई प्रोजेक्ट में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और साईं पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी।

फिल्म का पहला भाग दिवाली से ठीक पहले 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 के आसपास दर्शकों के सामने आएगा। हालांकि, चर्चा है कि इसे 2028 तक टाल दिया गया है।

ADVERTISEMENT