अकसर कोई परिचित ही करता है बच्चों का यौन शोषण- मनोज बाजपेयी
क्या है खबर?
मनोज बाजपेयी इन दिनों अपनी फिल्म 'सिर्फ एक बंदा काफी है' के लिए चर्चा में है। फिल्म आसाराम बापू द्वारा यौन दुराचार के मामले पर आधारित है।
फिल्म में मनोज वकील पीसी सोलंकी का किरदार निभा रहे हैं, जिसने आसाराम के खिलाफ मजबूती से केस लड़ा था। आसाराम के ट्रस्ट की ओर से फिल्म को कानूनी नोटिस दिया गया है।
एक बातचीत में मनोज ने फिल्म और पीड़िता की हिम्मत पर बात की है।
हिम्मत
यह विवादित मुद्दा नहीं, सुरक्षा का मामला है- मनोज
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में मनोज ने फिल्म पर बात की।
उन्होंने कहा, "यह हिम्मत की बात नहीं है, यह एक कहानी की बात है, जिसे दिखाना जरूरी था। मेरे लिए यह विवादित मुद्दा नहीं है, बल्कि सुरक्षा का मामला है। यह लड़की तमाम मुश्किलों के बाद भी मजबूती से लड़ती रही। उसके खिलाफ इतने बड़े-बड़े वकील खड़े थे, लेकिन उसने हार नहीं मानी। हम सबके लिए वह असली हीरो है।"
स्क्रिप्ट
फिल्म के लिए दमदार स्क्रिप्ट चाहते थे मनोज
जब मनोज को फिल्म के बारे में पता चला तो वह चाहते थे कि शूटिंग शुरू होने से पहले इसकी दमदार स्क्रिप्ट तैयार हो। इस फिल्म के जरिए वह एक संदेश देना चाहते थे। वह यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि यह संदेश एक खराब फिल्म के तले दब न जाए।
मनोज नहीं चाहते थे कि उस हिम्मती लड़की के संघर्ष की कहानी एक खराब स्क्रिप्ट के कारण बर्बाद हो जाए।
बयान
आंखें खोलने वाली होगी फिल्म
फिल्म धार्मिक भावनाओं से जुड़ी हुई है, ऐसे में क्या कभी उनके मन में कोई शंका हुई? इस बात पर मनोज ने कहा, "हम एक घटना की बात कर रहे हैं, जिसने एक अभिभावक की उम्मीदों को तोड़ दिया, एक लड़की के भविष्य को नष्ट कर दिया। कोई भी अभिभावक ऐसे में धर्म के बारे में नहीं सोचेगा। जब बात आपके बच्चे की हो, तो किसी पर भरोसा नहीं करना चाहिए। यह फिल्म इस बारे में आंखें खोल सकती है।"
यौन शौषण
ज्यादातर मामले में कोई परिचित ही करता है शोषण- मनोज
मनोज ने बताया कि दिल्ली में जब वह गरीब बच्चों के साथ काम करते थे, तब वह पहली बार बच्चों के साथ होने वाले शोषण से रूबरू हुए थे।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोग हर जगह होते हैं। ज्यादातर मामलों में वो परिवार को कोई परिचित ही होता है, जिस पर लोग विश्वास करते हैं। जब बात बच्चे की हो, तो किसी पर भरोसा नहीं करना चाहिए। बच्चों को हम दुनिया में लाते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
आसाराम पर 2013 में एक नाबालिग पर रेप का आरोप लगा था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जोधपुर की जेल में लाया गया था। उसके बाद से ही वह जेल में बंद में है और आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
फिल्म
ऐसी है फिल्म की कहानी
'सिर्फ एक बंदा काफी है' कि कहानी वकील सोलंकी के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने अपने दम पर भारत के सबसे प्रतिष्ठित वकीलों को हराकर नाबालिग के रेप केस में जीत दर्ज की थी।
इस दौरान उन्होंने धमकियों और अपनी जान की परवाह किए बगैर पूरा मामले का सच सामने लाया था। अब उनके किरदार में बाजपेयी नजर आने वाले हैं। फिल्म का ट्रेलर जारी हो चुका है। यह फिल्म 23 मई को ZEE5 पर आने वाली है।