गुरु दत्त की विरासत फिर होगी पर्दे पर जिंदा, निर्माता मनीष गोस्वामी ने खरीदे 'साहिब बीबी और गुलाम' के राइट्स
निर्माता मनीष गोस्वामी अब मशहूर अभिनेता और फिल्मकार गुरु दत्त की विरासत को एक बार फिर पर्दे पर लाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने लेखक बिमल मित्र की मशहूर किताबें 'बिछड़े सभी बारी बारी' और 'साहिब बीबी और गुलाम' के फिल्म अधिकार खरीद लिए हैं। 'साहब बीबी और गुलाम' पर 1962 में गुरु दत्त ने फिल्म बनाई थी, जो हिंदी सिनेमा की चर्चित फिल्मों में शामिल है। अब इन कहानियों को नए अंदाज में पर्दे पर लाने की तैयारी है, जिससे नई पीढ़ी भी गुरु दत्त से जुड़ी इस विरासत को जान सके।
गोस्वामी का लक्ष्य गुरु दत्त की प्रतिभा को दुनिया के सामने लाना
गोस्वामी बताते हैं कि उन्हें गुरु दत्त का अलग अंदाज और उनकी फिल्मों में समाज से जुड़े मुद्दों को दिखाने का तरीका बहुत पसंद है। इन्हीं कहानियों को नए रूप में पर्दे पर लाकर वो गुरु दत्त की रचनात्मक प्रतिभा को आज के दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं। फिलहाल फिल्म के कलाकार और दूसरी जानकारियां सामने नहीं आई हैं। इन कहानियों के जरिए दर्शकों को गुरु दत्त के काम और उनकी कला को करीब से समझने का मौका मिलेगा।