मणिरत्नम को हुई कार्तिक सुब्बाराज की 'डोरोथी' देख जलन, TIFF में तारीफें बटोर रही फिल्म
जाने-माने निर्देशक मणिरत्नम ने कार्तिक सुब्बाराज की नई फिल्म 'डोरोथी' की जमकर तारीफ की है। उन्होंने फिल्म को बेहद खास बताया और इसके खूबसूरत दृश्यों के साथ-साथ कहानी को पेश करने के तरीके की भी सराहना की। ये तमिल फिल्म इन दिनों टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में दिखाई जा रही है। फिल्म अपनी अलग कहानी और LGBTQIA+ समुदाय से जुड़े विषयों को नए नजरिए से दिखाने को लेकर चर्चा में है। मणिरत्नम की तारीफ के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।
मणिरत्नम ने 'डोरोथी' की भाषा और तकनीक की भी की तारीफ
मणिरत्नम ने ये भी कहा कि फिल्म की भाषा, कैमरा शॉट्स और तकनीक देखकर उन्हें 'ईर्ष्या' हुई। 'डेरोथी' की कहानी 1990 के दशक की पृष्ठभूमि में बनी है। इसमें 2 पुरुषों की जिंदगी दिखाई गई है, जिनके जीवन में एक महिला के आने के बाद कई बदलाव आते हैं। कार्तिक सुब्बाराज का कहना है कि वो इन किरदारों के जरिए पहचान और करुणा जैसे विषयों को समझना चाहते थे। उनकी कोशिश थी कि दर्शक इन किरदारों से खुद को जोड़ सकें। इसी वजह से फिल्म की कहानी निजी होने के साथ-साथ आम लोगों से भी जुड़ती है।