मंदाकिनी ने 'राम तेरी गंगा मैली' के विवादित सीन पर दी सफाई, कही ये बात
मंदाकिनी ने हाल ही में अपनी फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' के कुछ दृश्यों पर बात की है। यह फिल्म 1985 में आई थी। उस समय मंदाकिनी सिर्फ 16 साल की थीं और फिल्म में एक पारदर्शी साड़ी में दिखी थीं, जिसे लेकर काफी चर्चा हुई थी।
मंदाकिनी ने इन दृश्यों का बचाव करते हुए कहा कि फिल्म का असली संदेश यह था कि कोई भी चीज़ पूरी तरह शुद्ध नहीं होती।
उन्होंने साफ कहा, "मुझे कहीं से भी कुछ भी अश्लील नहीं लगा। मुझे बिल्कुल भी घिनौना महसूस नहीं हुआ।"
अभिनेत्री ने दिग्गज अभिनेता और फिल्मकार राज कपूर की भी खूब तारीफ की। उन्होंने बताया कि राज कपूर सेट पर बहुत सज्जन थे और उन्हें परिवार के सदस्य जैसे लगते थे।
'राम तेरी गंगा मैली' का ये सीन था नकली
मंदाकिनी ने फिल्म के ब्रेस्टफीडिंग वाले सीन से जुड़ी अफवाहों पर भी सफाई दी। उन्होंने बताया कि यह सब कैमरे का कमाल था और इसमें कोई असली ब्रेस्टफीडिंग नहीं हुई थी।
कई विवादों के बाद भी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। भारतीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सेंसर बोर्ड) ने पहले इसे 'यू' (यूनिवर्सल) सर्टिफिकेट दिया था, जिसे बाद में बदलकर 'U/A' कर दिया गया।
अगस्त 1985 में रिलीज हुई यह फिल्म आज भी बॉलीवुड की यादगार ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक मानी जाती है।