मलयालम अभिनेता मनियनपिल्ला राजू पर पुलिस का शिकंजा, हिट एंड रन का आरोप
क्या है खबर?
जाने-माने मलयालम अभिनेता मनियनपिल्ला राजू अचानक से चर्चाओं में आ गए हैं। तिरुवनंतपुरम पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि अभिनेता 5 फरवरी की देर रात तिरुवनंतपुरम के त्रिवेंद्रम क्लब से बाहर निकल रहे थे, उस वक्त उनकी कार ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। सड़क दुर्घटना के बाद, अभिनेता कार रोके बिना ही वहां से चले गए, जबकि बाइकसवार 2 लोग घायल हो गए। दोनों का एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मामला
मनियनपिल्ला राजू के खिलाफ हिट एंड रन मामले में FIR दर्ज
मनोरमा की एक के मुताबिक, मामला 5 फरवरी को रात लगभग 9.30 बजे का है। हादसे में घायलों की पहचान तिरुवनंतपुरम निवासी 20 वर्षीय सूरज और 20 वर्षीय निधिव के रूप में हुई है। उधर पुलिस ने मनियनपिल्ला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134 (ए) और 134 (बी) के तहत मामला दर्ज किया है। इंडिया टुडे के अनुसार, अभिनेता को थाने की जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
बयान
अभिनेता ने बयान में मदद की बात कहना स्वीकारा
अभिनेता 6 फरवरी की सुबह पुलिस थाने पहुंचे और सड़क दुर्घटना के बारे में बताया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "दुर्घटना के बाद मैं घबरा गया और घर लौट आया। मैं कैंसर से ठीक हो चुका हूं और फिलहाल चिकनगुनिया से पीड़ित हूं। मैं उस समय उनकी मदद नहीं कर पाया। मेरी पत्नी भी घर पर अकेली थी। मैंने दूसरों से मदद के लिए कहा था।" बता दें, मनियनपिल्ला 'मोहिनीअट्टम', 'ब्लैक बटरफ्लाई' समेत 400 फिल्मों का हिस्सा रहे हैं।