
सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म 'निकिता रॉय' रिलीज से एक दिन पहले टली, कारण भी जान लीजिए
क्या है खबर?
सोनाक्षी सिन्हा पिछले कुछ समय से फिल्म 'निकिता रॉय' को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म इसलिए भी खास है, क्योंकि इसके निर्देशन की कमान उनके भाई कुश सिन्हा ने संभाली है, जो इसके जरिए निर्देशन जगत में उतरे हैं। फिल्म 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज टाल दी गई है। रिलीज से ठीक एक दिन पहले फिल्म के निर्माताओं ने ये जानकारी दी है और प्रशंसकों से एक वादा भी किया।
बदलाव
निर्माताओं ने क्यों बदली रिलीज की तारीख?
सोनाक्षी की फिल्म के निर्माताओं ने 'निकिता रॉय' की रिलीज में देरी का कारण भी बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'निकिता रॉय के लिए कई और फिल्मों की रिलीज के बीच स्क्रीन को लेकर संघर्ष बना हुआ है। स्क्रीन की उपलब्धता की चुनौती देरी का कारण बनी है। ऐसे में अपने शुभचिंतकों और वितरकों की सलाह पर हमने इसे 18 जुलाई को रिलीज करने का फैसला किया है, क्योंकि इससे हम ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंच पाएंगे।'
वादा
फिल्म को लेकर निर्माताओं ने दर्शकों से किया ये वादा
निर्माताओं ने आगे लिखा, 'अब तक आपने फिल्म को लेकर जो प्यार दिखाया है, उसके लिए शुक्रिया। आपको थोड़ा इंतजार करना होगा। हम आपसे वादा करते हैं कि यह फिल्म सिनेमाघरों में देखने लायक होगी।' 'निकिता रॉय' में सोनाक्षी ने एक जासूस का किरदार निभाया है, जिसका मकसद एक गुरु (परेश रावल) का पर्दाफाश करना है। वह व्यक्ति लोगों को भूत-प्रेतों से छुटकारा दिलाने का दावा करता है। इस हॉरर थ्रिलर फिल्म में अर्जुन रामपाल भी अहम भूमिका में हैं।
ट्विटर पोस्ट
केआरके ने भी साझा किया निर्माताओं का पोस्ट
This is official statement of #NikitaRoy producers! Film will release on 18th July 2025! pic.twitter.com/1WPFlVF8Ew
— KRK (@kamaalrkhan) June 26, 2025
कयास
क्या काजोल की 'मां' से डरे निर्माता?
साल 2022 में सोनाक्षी की फिल्म 'डबल एक्सएल' सिनेमाघरों में आई थी। इसके बाद 'काकुड़ा' भी आई, लेकिन यह OTT पर रिलीज हुई। ऐसे में देखा जाए तो 3 साल बाद सिनेमाघरों में सोनाक्षी की फिल्म आने वाली थी। हालांकि, अभी इसके लिए और इंतजार करना होगा। सस्पेंस से लबरेज इस फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को बेहद पसंद आया था। चर्चा ये भी है कि काजोल की फिल्म 'मां' से टकराव टालने के लिए निर्माताओं ने ये कदम उठाया है।