'मैं वापस आऊंगा' ने दूसरे हफ्ते में दिखाया कमाल, निर्देशक इम्तियाज अली ने जताया आभार
क्या है खबर?
दिलजीत दोसांझ की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' का जादू बॉक्स ऑफिस पर चल पड़ा है। जहां शुरुआत में इसे भारी गिरावट का सामना करना पड़ा था, तो वहीं अब इसने दम दिखाना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर मिल रही सकरात्मक प्रतिक्रियाओं और दर्शकों के समर्थन के बाद फिल्म ने अपने दूसरे हफ्ते में अप्रत्याशित और उत्साहजनक वृद्धि हासिल की है। इस सफलता से फिल्म के निर्देशक इम्तियाज अली भी खुश नजर आए हैं।
कमाई
'मैं वापस आऊंगा' ने की डबल कमाई
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने 9वें दिन, यानी शनिवार को 4.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, जो पहले शनिवार (1.85 करोड़ रुपये) के मुकाबले काफी ज्यादा है। फिल्म ने 10वें दिन, यानी रविवार की दोपहर तक 20 करोड़ रुपये से ज्यादा कलेक्शन कर लिया है। इस बढ़त ने फिल्म के ज्यादा कलेक्शन की उम्मीद को बढ़ा दिया है। उधर निर्देशक ने इस सफलता का श्रेय जनता को दिया है। उन्होंने कहा कि वह थोड़ा हैरान और थोड़ा खुश हैं।
आभार
"अभिभूत महसूस कर रहा हूं"
उन्होंने आगे कहा, "पहले जिस दिन शुक्रवार को फिल्म रिलीज हुई थी, और आज एक हफ्ते बाद फिर शुक्रवार है, तो कलेक्शन पहले शुक्रवार से शायद डबल है। यह एक अभिभूत होने वाला एहसास है, बहुत खुशी की बात है। मैं जनता का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।" बता दें, 'मैं वापस आऊंगा' में दिलजीत के अलावा नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी भी मुख्य किरदारों में हैं। यह 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।