महाराष्ट्र सरकार का बड़ा दांव, AI-VFX से बदलेगा मराठी सिनेमा; क्या Gen Z को करेगा दीवाना?
मराठी सिनेमा के चाहने वालों के लिए एक बड़ी खबर है। महाराष्ट्र सरकार निवेश करने को तैयार है, बशर्ते फिल्मकार AI और बेहतरीन विजुअल इफेक्ट्स (VFX) का इस्तेमाल कर ऐसी फिल्में बनाने का कोई कामयाब मॉडल तैयार करें, जो आज की Gen-Z पीढ़ी को खूब पसंद आएं।
सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने हाल ही में हुए एक इंडस्ट्री सेमिनार में यह ऐलान किया। उन्होंने बताया कि इस तरह मराठी फिल्मों को और भी रोमांचक और आधुनिक बनाया जा सकता है।
आशीष ने मराठी संस्कृति को सहेजने की जरूरत बताई
आशीष ने इस बात पर जोर दिया कि AI जैसी नई तकनीकों को अपनाते समय भी मराठी संस्कृति की पहचान नहीं मिटनी चाहिए। इस योजना में फिल्मकारों के लिए डिजिटल इनोवेशन पर वर्कशॉप भी होंगी और सरकार मिलकर निवेश करने का एक मॉडल भी बनाएगी, जिससे प्रोजेक्ट्स को आर्थिक मदद मिल सके।
स्मार्टफोन और OTT प्लेटफॉर्म्स की वजह से लोगों के फिल्म देखने का तरीका बदल गया है। ऐसे में मकसद साफ है कि मराठी सिनेमा आधुनिक भी बने और हर किसी तक उसकी पहुंच भी हो, साथ ही वह अपनी जड़ों से भी जुड़ा रहे।